विधायक राजेंद्र पारीक ने दिखाई संवेदनशीलता: हादसे में घायल युवक को खुद पहुंचाया अस्पताल, उठाएंगे इलाज का पूरा खर्च

नवलगढ़। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सीकर विधायक राजेंद्र पारीक की गाड़ी और एक बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसे के बाद विधायक ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल युवक को तत्काल अपनी गाड़ी से नवलगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया और उसके उपचार का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा की।।जानकारी के अनुसार गुरूवार सुबह सीकर विधायक राजेंद्र पारीक नवलगढ़ में एक शोकसभा में शामिल होने के लिए आए हुए थे। सुबह करीब 11:45 बजे नवलगढ़ थाना क्षेत्र स्थित वीर बालाजी मंदिर के पास उनकी कार और एक बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल की पहचान रामकुमार सैनी निवासी अंटावली ढाणी, नवलगढ़ के रूप में हुई है। विधायक के अनुसार सामने से आ रहा बाइक सवार उनकी कार की साइड से टकरा गया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर पड़ा। घटना होते ही विधायक राजेंद्र पारीक ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर नवलगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सीकर रेफर कर दिया गया।

“इलाज का पूरा खर्च मैं उठाऊंगा”

विधायक राजेंद्र पारीक ने कहा कि घायल युवक के उपचार में आने वाला समस्त खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को भी युवक के साथ सीकर भेजा ताकि इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो। हादसे के बाद विधायक द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की क्षेत्रभर में चर्चा है। स्थानीय लोगों ने घायल की मदद के लिए तत्काल आगे आने और उसके उपचार की जिम्मेदारी लेने को सराहनीय कदम बताया। फिलहाल घायल युवक का सीकर में उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।