Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं एनडीपीएस मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, फरार आरोपी धर्मपाल गिरफ्तार

एनडीपीएस मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, फरार आरोपी धर्मपाल गिरफ्तार

पिलानी थाने में दर्ज प्रकरण में लंबे समय से था वांछित, मण्ड्रेला पुलिस की कार्रवाई

मण्ड्रेला । झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मण्ड्रेला पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी धर्मपाल पुत्र उदमीराम (38 वर्ष), निवासी भापर, थाना सूरजगढ़, जिला झुंझुनूं को दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया। झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) एवं वृत्ताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल (आरपीएस) के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। मण्ड्रेला थाना प्रभारी कैलाशचंद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लगातार निगरानी एवं सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पिलानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है तथा अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कैलाशचंद, कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

Advertisement