रतनगढ़ फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रंगदारी की रकम पहुंचाने के आरोप में तीन गिरफ्तार
चूरू। जिले के रतनगढ़ में कांग्रेस पार्षद के घर फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के माता-पिता को गिरफ्तार किया है।एसपी निश्चय प्रसाद ने मामले की प्रारंभिक जानकारी देते हुए बताया कि वीरेंद्र चारण के पिता नरेंद्र चारण तथा रोहित गोदारा के पिता संतदास और मां गीता देवी को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।एसपी के अनुसार जांच में सामने आया कि कांग्रेस पार्षद से मांगी गई रंगदारी की रकम इन तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने तीनों से करीब चार घंटे तक गहन पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस फिलहाल आर्थिक लेनदेन और गैंग से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा गैंग से जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।गौरतलब है कि 14 मई 2026 को रतनगढ़ में कांग्रेस पार्षद के घर पर फायरिंग की घटना हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी दो शूटर अनमोल और रोहित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।













