नवलगढ़। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के नवलगढ़ थाना पुलिस ने बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने के मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने दस्तयाब कर न्यायालय में पेश किया।पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी मुकेश जोशी के सुपरविजन में थाना प्रभारी संतोष के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी श्रीराम पुत्र सांवरमल (52) निवासी वार्ड नंबर 22, नवलगढ़ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका पति आए दिन उसके साथ और पुत्री के साथ मारपीट करता था। आरोप है कि आरोपी ने चूना चौक नवलगढ़ में भी दोनों के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए थे। परिवादिया ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अपनी ही पुत्री पर गलत नजर रखता था। लगातार प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर बालिका ने 12 अप्रैल 2026 को आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद परिजनों और पड़ोसियों ने बालिका को बचाकर पहले नवलगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में सीकर और बाद में जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान कुछ समय बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर 18 मई 2026 को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था और परिवादिया तथा उसकी पुत्री को जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था। मामले में गंभीरता से जांच करते हुए गठित टीम ने आरोपी को 28 मई को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है तथा मामले में आगे अनुसंधान जारी है। गठित पुलिस टीम में थाना प्रभारी संतोष , कांस्टेबल मुकेश , कांस्टेबल सुरेन्द्र , कांस्टेबल संतोष शामिल रहें I पुलिस की इस कार्रवाई को नवलगढ़ क्षेत्र में गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।













