पीड़ित परिवार से मिले पायलट, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा, कहा— पेपर लीक माफिया ने मेहनतकश युवाओं का भविष्य छीना, न्याय नहीं मिला तो संघर्ष होगा तेज
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
देशभर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर उठे तूफान के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट शनिवार को झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी पहुंचे, जहां उन्होंने मानसिक तनाव के चलते जान गंवाने वाले छात्र प्रदीप मेघवाल के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान पायलट ने राज्य सरकार, शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक माफिया पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि “जब तक इस काले कारोबार के बड़े मगरमच्छ नहीं पकड़े जाएंगे, तब तक युवाओं की जिंदगी यूं ही तबाह होती रहेगी। सचिन पायलट ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में धांधली होना देश के करोड़ों मेहनतकश छात्रों के सपनों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने खुद आवाज उठाई, तब जाकर परीक्षा रद्द हुई और जांच सीबीआई को सौंपी गई, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों में असली सरगनाओं पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से पेपर लीक का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन अब तक केवल छोटे लोगों को पकड़कर खानापूर्ति की जा रही है, जबकि इस पूरे नेटवर्क के “बड़े चेहरे” अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं।
पीड़ित परिवार से मिल भावुक हुए पायलट
गुढ़ागौड़जी क्षेत्र स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचे पायलट ने प्रदीप मेघवाल के पिता और परिजनों से मुलाकात की। परिवार ने उन्हें पूरे घटनाक्रम का लिखित विवरण सौंपते हुए न्याय की मांग की। बातचीत के दौरान माहौल भावुक हो गया और परिजनों की आंखें नम हो गईं। पायलट ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मामले में न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बेनकाब किया जाएगा।
“एक होनहार छात्र का जाना सिस्टम की सबसे बड़ी विफलता”
पायलट ने कहा कि प्रदीप मेघवाल जैसा प्रतिभाशाली छात्र, जो डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था, उसका इस तरह दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का दु:ख नहीं बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था की नाकामी का बड़ा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लाखों युवा दिन-रात मेहनत करके परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार और पेपर लीक माफिया उनकी मेहनत, उम्मीद और भविष्य पर पानी फेर देते हैं। अब इस अन्याय के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जरूरी हो गई है।
शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
सचिन पायलट ने कहा कि जिस विभाग में बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाएं हो रही हैं, उसके मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है।
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, न्याय का संकल्प
इस दौरान झुंझुनूं सांसद बृजेंद्र सिंह ओला, उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, पिलानी विधायक पीतराम काला, लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रफीक मंडेलिया सहित कई जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रदीप मेघवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी नेताओं ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
रतनपुरा में पेयजल संकट पर RLP का बड़ा प्रदर्शन, 60 दिन में समाधान नहीं तो आर-पार की लड़ाई
अधिवक्ता ने जताया जान का खतरा, एसपी से मांगी सुरक्षा | हत्या की साजिश का आरोप | Churu News
नगर परिषद टीम पर हमला, सरकारी जमीन जांच के दौरान कर्मचारियों से मारपीट | Churu News
















