जिले का पहला ऐसा अस्पताल बना, जहां हर वार्ड में पहुंचेगी जम्बो कूलर की ठंडक
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
भीषण गर्मी और नौतपा के प्रकोप के बीच जिले के सबसे बड़े राजकीय भगवानदास खेतान (बीडीके) अस्पताल में मरीजों और परिजनों को बड़ी राहत मिली है। सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए श्री गोपीचंद गाडिया ने पुनीत कृष्ण गाडिया मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से अस्पताल को 9 जम्बो कूलर भेंट किए हैं। लाखों रूपए की लागत से उपलब्ध करवाए गए इन जम्बो कूलरों को अस्पताल के विभिन्न रोगी वार्डों में लगाया जाएगा, जिससे मरीजों को भीषण गर्मी में राहत मिल सकेगी। विशेष बात यह है कि नौतपा के दौरान बीडीके अस्पताल जिले का पहला ऐसा अस्पताल बन गया है, जहां लगभग प्रत्येक वार्ड में जम्बो कूलरों की ठंडक उपलब्ध होगी। ट्रस्ट इससे पहले भी अस्पताल को 11 जम्बो कूलर दान कर चुका है। पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि बीडीके अस्पताल की स्थापना से लेकर अब तक भामाशाहों का सहयोग लगातार मिलता रहा है। अस्पताल के पार्कों को गोद लेने, वार्डों के विकास, वाटर कूलर, व्हील चेयर, रोगी ट्रॉली, पंखे और एसी जैसे संसाधनों के दान से चिकित्सा सेवाओं को लगातार मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि नौतपा के दौरान सामान्य कूलर और एसी कई बार प्रभावी नहीं रह पाते, लेकिन जम्बो कूलर बड़े क्षेत्रफल में अधिक संख्या में लोगों को राहत देने में सक्षम होते हैं। डॉ. भाम्बू ने बताया कि अस्पताल में लू एवं तापघात प्रभावित मरीजों के लिए अलग से वातानुकूलित वार्ड भी संचालित किया जा रहा है। साथ ही अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार भामाशाहों की ओर से प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं, जो अस्पताल के प्रति समाज के विश्वास और जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग की प्रेरणा से लायंस क्लब एवं श्याम आशीर्वाद सेवा समिति द्वारा भी अस्पताल को वाटर कूलर दान किए गए थे। इस अवसर पर पीएमओ डॉ. जितेंद्र भाम्बू, कपिल गाडिया, आरएमओ डॉ. विजय झाझड़िया, पीसीएमओ डॉ. बंशीधर झाझड़िया, उपनिदेशक संदीप नेमीवाल, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील सैनी, नर्सिंग अधीक्षक ओमप्रकाश जांगिड़, मुकेश मीणा, गंगाधर, सुभाष बाकरा, सरिता एवं कविता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रतनपुरा में पेयजल संकट पर RLP का बड़ा प्रदर्शन, 60 दिन में समाधान नहीं तो आर-पार की लड़ाई
अधिवक्ता ने जताया जान का खतरा, एसपी से मांगी सुरक्षा | हत्या की साजिश का आरोप | Churu News
नगर परिषद टीम पर हमला, सरकारी जमीन जांच के दौरान कर्मचारियों से मारपीट | Churu News
















