“पानी बचाएँ – परिंदों को जीवन दें” अभियान के तहत वी.पी.एल. करियर इंस्टीट्यूट में परिंडे बांधकर दिया मानवता का संदेश

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
गणपति नगर स्थित वी.पी.एल. करियर इंस्टीट्यूट में भीषण गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए परिंडे बांधने का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर “पानी बचाएँ – परिंदों को जीवन दें” अभियान के अंतर्गत पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कर मानवता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। संस्थान के संस्थापक एवं प्रेरणास्रोत इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने कहा कि गर्मी के मौसम में केवल मनुष्यों ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशील होना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्य व्यक्ति के व्यक्तित्व को महान बनाते हैं तथा समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने यह भी प्रेरित किया कि केवल परिंडे बांधना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें प्रतिदिन स्वच्छ पानी भरने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।वी.पी.एल. सेंटर हेड डॉ. शिखा सहाय ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि परिंडे बांधने की यह पहल केवल संस्थान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे घर-घर और आसपास के क्षेत्रों में भी अपनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को गर्मी से राहत मिल सके।कार्यक्रम के दौरान एडमिन हेड जितेंद्र शर्मा, राकेश झाझड़िया सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे नियमित रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।