राजकार्य में बाधा, पुलिस पर पथराव और सरकारी संपत्ति तोड़फोड़ के मामले में गुढ़ागौड़जी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गुढ़ागौड़जी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पुलिस थाना गुढ़ागौड़जी पर हमला कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों से गंभीर मारपीट करने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बहुचर्चित मामले में गुढ़ागौड़जी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ईनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर दो-दो हजार रुपए का इनाम घोषित था। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नवलगढ़ महावीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन के नेतृत्व में गठित टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।
वर्ष 2018 में थाना परिसर पर हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2018 को संजय सिंह पुत्र माधो सिंह निवासी गुढ़ा एवं अन्य लोगों के नेतृत्व में करीब 200 लोगों की भीड़ थाना गुढ़ागौड़जी के सामने एकत्रित हुई थी। भीड़ थाना परिसर के बाहर नारेबाजी, प्रदर्शन और सड़क जाम कर रही थी। पुलिस द्वारा समझाइश के बावजूद भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। आरोप है कि उग्र भीड़ में शामिल धर्मेन्द्र सिंह उर्फ कुकी निवासी टोडी, जावेद पुत्र मुस्ताक चौपदार निवासी गुढ़ा, जमालुदीन, रफीक, असपाक, सदीक, नसरूदीन, मोहम्मद युसुफ, लालू, इसाक, गुलाम शब्बीर सहित 30-40 अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में तत्कालीन थानाधिकारी अशोक कुमार उपनिरीक्षक एवं पुलिसकर्मी नरेश कुमार के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। इतना ही नहीं, भीड़ थाना परिसर में घुस गई और कार्यालय में तोड़फोड़ कर सरकारी रिकॉर्ड एवं संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। उपद्रवियों ने थाना वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर तहस-नहस कर दिया था। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तीन ईनामी आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दो-दो हजार रुपए के ईनामी आरोपी मोहम्मद जावेद, धर्मेन्द्र सिंह उर्फ कुकी तथा संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों को मामले में विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद जावेद पुत्र मुस्ताक अली, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 05 छावसरी थाना गुढ़ागौड़जी, हाल निवासी शिवाजी नगर, कालवाड़ रोड, झोटवाड़ा, जयपुर , धर्मेन्द्र सिंह उर्फ कुकी पुत्र सुरेन्द्र सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी लीला की ढाणी, तन हुकमपुरा थाना गुढ़ागौड़जी जिला झुंझुनूं तथा संजय सिंह पुत्र माधो सिंह, उम्र 43 वर्ष, निवासी गुढ़ा थाना गुढ़ागौड़जी जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संजय सिंह के खिलाफ पूर्व में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मोहम्मद जावेद के खिलाफ भी एक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन के साथ कांस्टेबल हरेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल इन्द्राज की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी एवं स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
ओबीसी प्रकोष्ठ की बैठक में भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला 🔥 मंडेलिया हाउस में बड़ा मंथन
जब तक चुनाव जीतूंगा नहीं, तब तक चूरू छोड़ूंगा नहीं” — रफीक मंडेलिया का बड़ा बयान 🔥
चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड


















