मानसिक बीमारी से जूझ रहे पूर्व सैनिक की पत्नी ने लगाई मदद की गुहार, इलाज और आर्थिक सहयोग की मांग
बुहाना I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए दुश्मनों से मोर्चा लेने वाले पूर्व सैनिक शंकर सिंह आज अपने ही जीवन की सबसे कठिन लड़ाई लड़ रहे हैं। सूरजगढ़ क्षेत्र के बलौदा गांव निवासी शंकर सिंह पिछले 27 वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित हैं और बीते 13 वर्षों से परिवार उन्हें जंजीरों में बांधकर रखने को मजबूर है। आर्थिक तंगी और लगातार बिगड़ती हालत के बीच परिवार अब प्रशासन और सेना से मदद की गुहार लगा रहा है। परिजनों के अनुसार कारगिल युद्ध से लौटने के बाद शंकर सिंह की मानसिक स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ने लगी। शुरुआत में परिवार ने स्थानीय चिकित्सकों से लेकर बड़े अस्पतालों तक इलाज करवाया, लेकिन बीमारी पर नियंत्रण नहीं हो सका। समय के साथ उनकी स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि परिवार को मजबूरी में उन्हें जंजीरों से बांधकर रखना पड़ा, ताकि वे खुद को या दूसरों को नुकसान न पहुंचा सकें। परिवार का कहना है कि वर्षों तक इलाज करवाने में उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई। घर की जमा पूंजी खर्च हो गई और अब इलाज जारी रखना भी मुश्किल हो गया है।
“देश के लिए लड़े, आज सहारे की जरूरत”
पूर्व सैनिक की पत्नी कमोद सिंह ने भावुक होकर कहा कि उनके पति ने देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर लड़ाई लड़ी, लेकिन आज उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेना और प्रशासन की ओर से उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि बेहद कठिन परिस्थितियों में बच्चों का पालन-पोषण करना पड़ा और अब परिवार पूरी तरह टूट चुका है। कमोद सिंह ने प्रशासन और सेना से शंकर सिंह के समुचित इलाज, बड़े मानसिक चिकित्सालय में भर्ती, पेंशन एवं विकलांगता भत्ता सहित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व सैनिक होने के नाते सम्मानजनक सहयोग देने की अपील भी की है।
सैनिक कल्याण अधिकारी बोले
समस्या का होगा समाधान – इस मामले में सैनिक कल्याण अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि शंकर सिंह कारगिल युद्ध के दौरान मानसिक स्थिति खराब होने के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार की समस्याओं की जानकारी जुटाई जा रही है और आवश्यक जांच कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
जब तक चुनाव जीतूंगा नहीं, तब तक चूरू छोड़ूंगा नहीं” — रफीक मंडेलिया का बड़ा बयान 🔥
ऑपरेशन नकेल: 500 ग्राम अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, Churu Police Action
चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड

















