आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ रेड से मचा हड़कंप, 30 मुकदमे दर्ज; 3700 लीटर लाहण नष्ट, 7 ठेकेदार भी कार्रवाई की जद में
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध शराब कारोबार पर आखिरकार आबकारी विभाग ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। प्रदेश स्तर से मिले सख्त निर्देशों के बाद जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान में आबकारी विभाग ने शराब माफियाओं और नियमों को धता बताने वाले ठेकेदारों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 30 मुकदमे दर्ज किए हैं। वहीं कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 3700 लीटर लाहण मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।आबकारी विभाग की टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर उन ठिकानों को निशाना बनाया, जहां लंबे समय से अवैध शराब का धंधा संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर कच्ची शराब तैयार करने की भट्टियां, उपकरण और अवैध संसाधन भी ध्वस्त किए गए। विभाग की सख्ती ने यह साफ संकेत दे दिया है कि अब अवैध कारोबारियों के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा।
शिकायतों के बाद ठेकेदारों पर भी गिरी गाज
जिले में शराब ठेकों पर अनियमितताओं और नियम विरुद्ध गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। आबकारी विभाग ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शराब ठेकों की सघन जांच शुरू की। जांच के दौरान कई जगह नियमों की अनदेखी सामने आने पर 7 शराब ठेकेदारों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि विभाग अब केवल अवैध शराब बनाने वालों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लाइसेंस की आड़ में नियम तोड़ने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों, ढाणियों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी। कई जगह टीमों को भारी मात्रा में लाहण और शराब बनाने की सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के बाद शराब माफियाओं में दहशत का माहौल बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार विभाग अब उन नेटवर्कों की भी पड़ताल कर रहा है जो अवैध शराब के निर्माण से लेकर सप्लाई तक की पूरी श्रृंखला को संचालित कर रहे हैं।
नियम तोड़ने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा
जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन सिद्दिकी ने साफ कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हालत में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी आबकारी थानों, सर्किल इंस्पेक्टरों और अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कार्रवाई और तेज होगी तथा जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य जिले को अवैध शराब मुक्त बनाना और कानून व्यवस्था के साथ राजस्व हितों की रक्षा करना है।
जब तक चुनाव जीतूंगा नहीं, तब तक चूरू छोड़ूंगा नहीं” — रफीक मंडेलिया का बड़ा बयान 🔥
ऑपरेशन नकेल: 500 ग्राम अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, Churu Police Action
चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड

















