कैम्पर गाड़ियों से की थी तोड़फोड़, जानलेवा हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान; पहले ही 9 आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी निरुद्ध
गुढ़ागौड़जी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बा गुढ़ागौड़जी में देर रात कैम्पर गाड़ियों से उत्पात मचाकर दहशत फैलाने, जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे 2 हजार रूपये के इनामी आरोपी पवन कुमार उर्फ खत्री को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में इससे पहले 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी महावीर सिंह के सुपरविजन में गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। कार्रवाई का नेतृत्व थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन ने किया।पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल 2026 की रात गुढ़ागौड़जी कस्बे में दो पक्षों के बीच कैम्पर गाड़ियों से पीछा कर टक्कर मारने और हमला करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो भौड़की चौराहे के पास विक्रम सिंह उर्फ सोनू राजपूत और अरविंद उर्फ सोनू उस्ताद पक्ष के लोगों द्वारा वाहनों को तेज गति से दौड़ाकर आतंक फैलाने का मामला सामने आया। आरोपियों ने एक-दूसरे को जान से मारने की नीयत से गाड़ियों से टक्करें मारीं, जिससे बिजली विभाग का खंभा टूट गया। सड़क किनारे बनी दुकानों के चबूतरे, रेलिंग, पट्टियां तथा बिजली मीटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त टीमें गठित की गईं। लगातार दबिश और तकनीकी अनुसंधान के बाद पुलिस ने फरार चल रहे इनामी आरोपी पवन कुमार उर्फ खत्री को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन कुमार उर्फ खत्री पुत्र किशन लाल, निवासी लीला की ढाणी हुक्मपुरा, थाना गुढ़ागौड़जी के रूप में हुई है। कार्रवाई में वृताधिकारी महावीर सिंह, थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन, जिला स्पेशल टीम प्रभारी हेमराज उपनिरीक्षक, कांस्टेबल गौतम, अमित और रामावतार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आमजन में भय पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड
रतननगर में 540 मरीजों का मुफ्त इलाज, 32 साल से चल रहा मिर्गी शिविर
चूरू में BJP की जीत का जश्न, गढ़ चौराहे पर आतिशबाजी और मिठाई


















