विप्र नारी संघ ने शुरू की प्याऊ सेवा, राहगीरों को मिल रहा ठंडा पानी

जेठ की गर्मी में जनसेवा का अनूठा प्रयास, जरूरतमंदों के साथ पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की अपील

चूरू। भीषण गर्मी को देखते हुए विप्र नारी संघ चूरू द्वारा यात्रियों और राहगीरों के लिए पेयजल व्यवस्था शुरू की गई है। यह व्यवस्था शहर के वर्धमान क्लॉथिंग स्टोर, आर.जे.10 के सामने की गई है, जहां आने-जाने वाले लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।संघ की सचिव पूनम मिश्रा ने बताया कि जेठ माह की तेज गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है। इसी सेवा भावना के साथ यह पहल शुरू की गई है, जिससे बाजार में आने वाले लोगों और राहगीरों को राहत मिल रही है।उन्होंने कहा कि इस तरह के छोटे-छोटे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी प्रेरित करते हैं।विप्र नारी संघ ने आमजन से अपील की कि गर्मी के मौसम में जरूरतमंद लोगों के साथ-साथ पक्षियों और पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था अवश्य करें।संघ की ओर से आगे भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया है।इस दौरान संघ की सदस्य नंदा, सुषमा, मीना, मोनिका, निहारिका सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।