अग्रसेन नगर में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, ताले तोड़कर वारदात को दिया अंजाम
चूरू। शहर के अग्रसेन नगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब मकान मालिक परिवार सहित गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने के लिए जयपुर गया हुआ था।पीड़ित परिवार की ओर से शनिवार को सदर थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी रिपोर्ट में अग्रसेन नगर निवासी कमल कुमार ने बताया कि 26 जून को वह अपने परिवार के साथ जयपुर में आयोजित एक गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इस दौरान मकान पर ताला लगा हुआ था और घर में कोई मौजूद नहीं था।शनिवार को पड़ोसी सुशील महर्षि ने फोन कर सूचना दी कि मकान का ताला टूटा हुआ है और घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद परिवार जयपुर से वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला तथा घर का सामान बिखरा हुआ था।रिपोर्ट के अनुसार चोरों ने घर में रखी दोनों अलमारियों के ताले तोड़ दिए और उनमें रखे कीमती सामान को चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में एक सोने की चैन, दो सोने के नथ, तीन जोड़ी कानों के टॉप्स, एक मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, 50 चांदी के सिक्के, एक चांदी का प्याला, 10 जोड़ी बड़ी चांदी की पाजेब तथा 73,134 रुपये नकद शामिल हैं।सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
चोरी हुए प्रमुख सामान
- एक सोने की चैन
- दो सोने के नथ
- तीन जोड़ी सोने के टॉप्स
- एक मंगलसूत्र
- दो सोने की अंगूठियां
- 50 चांदी के सिक्के
- एक चांदी का प्याला
- 10 जोड़ी चांदी की पाजेब
- 73,134 रुपये नकद











