माँ सरस्वती की मूर्ति स्थापना को लेकर भक्ति और उल्लास का माहौल, आज होगा भव्य आयोजन
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर में आस्था, संस्कृति और ज्ञान की अलख जगाने वाला एक भव्य आयोजन शुक्रवार 1 मई को होने जा रहा है। सीडीईओ एवं एडीपीसी कार्यालय परिसर में नव निर्मित मंदिर में माँ सरस्वती की मूर्ति स्थापना का शुभ एवं मंगलमय कार्यक्रम दोपहर 12:15 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगा। आयोजन को लेकर कार्यालय परिसर सहित शिक्षा जगत में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। कार्यक्रम के तहत विद्या, बुद्धि और संस्कृति की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की प्रतिमा की स्थापना विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच की जाएगी। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट, पुष्प मालाओं और धार्मिक प्रतीकों से सजाया गया है।आयोजन समिति की ओर से जिले के गणमान्य नागरिकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं आमजन को सादर आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने बताया कि यह केवल मूर्ति स्थापना का कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प भी है।समस्त स्टाफ सदस्यों की ओर से जारी आमंत्रण में कहा गया है कि इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति आयोजन की शोभा बढ़ाएगी और माँ सरस्वती के आशीर्वाद से ज्ञान, विवेक एवं समृद्धि का संदेश समाज तक पहुंचेगा।. कार्यालय परिसर में बने इस नव निर्मित मंदिर को लेकर कर्मचारियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।













