झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
प्राचीन ठाकुर जी मंदिर, लालपुर धाम में महान गणितज्ञ एवं खगोलशास्त्री आर्यभट्ट की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्वानों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा भारत की वैज्ञानिक विरासत को याद किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी महेश बसावतिया रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व सरपंच गिरधरलाल स्वामी ने की। इस अवसर पर सुखदेव सिंह सारण, पंडित बनवारी लाल शर्मा, पंडित घनश्याम दास शर्मा, नंदलाल स्वामी, राधेश्याम स्वामी, रामचंद्र स्वामी, सचिन सीताराम स्वामी, शिक्षाविद श्यामसुंदर शर्मा, नारायण सिंह बरिया, विनोद शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविद श्यामसुंदर शर्मा को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके द्वारा शिक्षा के प्रसार और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। मुख्य अतिथि महेश बसावतिया ने अपने संबोधन में कहा कि आर्यभट्ट प्राचीन भारत के ऐसे महान गणितज्ञ और खगोलशास्त्री थे, जिनकी खोजें आज भी पूरी दुनिया में प्रासंगिक हैं। उन्होंने बताया कि आर्यभट्ट ने हजारों वर्ष पहले ही गणित और खगोल विज्ञान के क्षेत्र में अद्भुत योगदान दिया। उनकी प्रसिद्ध कृति ‘आर्यभटीय’ में गणित, बीजगणित, ज्यामिति और खगोल विज्ञान का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है।बसावतिया ने कहा कि आर्यभट्ट ने शून्य के उपयोग और स्थान-मूल्य प्रणाली को मजबूत आधार प्रदान किया तथा पृथ्वी के अपने अक्ष पर पश्चिम से पूर्व की ओर घूमने का सिद्धांत भी प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने पाई (π) का मान 3.1416 के अत्यंत निकट बताया, जो उनकी वैज्ञानिक सोच और गणनात्मक दक्षता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आर्यभट्ट केवल एक गणितज्ञ ही नहीं, बल्कि भारत के वैज्ञानिक चिंतन के अग्रदूत थे, जिन्होंने हजारों वर्ष पहले ही भविष्य की वैज्ञानिक दिशा का आभास करा दिया था। आज भी उनकी खोजें और विचार नई पीढ़ी को विज्ञान और शोध के प्रति प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने आर्यभट्ट के जीवन और उनके योगदान से प्रेरणा लेकर शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू














