विधिक सेवा प्राधिकरण ने वेलफेयर कैंप के जरिए जगाई जनचेतना

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़ 
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झुंझुनूं द्वारा नगर पालिका भवन खेतड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झुंझुनूं व प्रशासनिक विभागों के संयुक्त तत्वावधान में एक लोक कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मंचस्थ अतिथि डालसा सचिव एडीजे डॉ. महेन्द्र के. सिंह सोलंकी, तालुका विधिक सेवा समिति खेतड़ी के अध्यक्ष एडीजे प्रेमसिंह धनवाल, एडीजे संख्या दो सरिता चौधरी, एसीजेएम सीमा कुमारी, न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद कुमार, तहसीलदार सुनिल कुमार, ईओ नागरमल गुर्जर आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महेंद्र के. सिंह सोलंकी ने बताया कि इस प्रकार के जनकल्याणकारी शिविरों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठाएं। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित अन्य विभागों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान आमजन को विधिक जागरूकता, स्वास्थ्य जांच एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही। जिससे शिविर सफल एवं प्रभावी रहा। अंत में आयोजकों द्वारा सभी विभागों का आभार व्यक्त किया गया। सभी विभागों द्वारा आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। सचिव ने बताया कि न्याय केवल अदालत तक सीमित नहीं है, बल्कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी न्याय का ही एक रूप है। प्राधिकरण निरंतर ऐसे प्रयास करता रहेगा ताकि समाज का अंतिम व्यक्ति भी जागरूक और सशक्त बन सके। विधिक सेवा प्राधिकरण का यह प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारो से वंचित न रहे। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन को निशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता 2.0 अभियान, नालसा हेल्पलाइन नं. 15100, साइबर अपराध के प्रति जागरूकता, स्थाई लोक अदालत एवं प्राधिकरण की योजनाओं के बारे में जागरूक किया एवं सभी से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिकाधिक भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।