म्यूल अकाउंट से करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा, 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

चूरू की साइबर थाना पुलिस ने “म्यूल हंटर” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि विभिन्न बैंक खातों के जरिए ठगी की लाखों रुपये की राशि का लेन-देन किया जा रहा था। ये खाते “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल हो रहे थे, जिनके माध्यम से रकम को अलग-अलग स्तर पर घुमाकर निकाला जा रहा था।

शिकायतकर्ता राकेश कुमार मीणा की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध खातों की जांच शुरू की है। जांच में शोयब के खाते में करीब 10 लाख, इरफान के खाते में 11 लाख, मोहम्मद जुबैर के खाते में 14 लाख, जाहिद के खाते में 8 लाख, मुकेश कुमार के खाते में 11 लाख, अहसान खान के खाते में 2 लाख, फरीद अली के खाते में 9 लाख, इंतजार के खाते में करीब 11 लाख तथा शकील के खाते में 13 लाख रुपये का लेन-देन सामने आया। पुलिस ने शोयब निवासी वार्ड 09 तैलियों का कुआ, इरफान खान निवासी जसरासर, मोहम्मद जुबैर खान निवासी टांई, जाहिद भाटी निवासी वार्ड 08 चूरू, मुकेश निवासी वार्ड 06 चूरू, अहसान खान निवासी शेखसरिया कुआ के पास चूरू, फरीद अली निवासी अगूणा मोहल्ला, इंतजार निवासी महनसर, शकील निवासी पीर की गली वार्ड 05 चूरू तथा इमरान निवासी वार्ड 31 अगूणा मोहल्ला चूरू को आरोपी के रूप में चिन्हित किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कई खाताधारकों ने अपने बैंक खाते अन्य लोगों को सौंप रखे थे, जिनका उपयोग ठगी की रकम के ट्रांसफर में किया जा रहा था। गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है। पुलिस मामले में आगे जांच कर रही है।