मजदूर दिवस पर सीपीआईएम की विचार गोष्ठी में गूंजा श्रमिक अधिकारों का मुद्दा, शिकागो के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (सीपीआईएम) जिला कमेटी झुंझुनूं की ओर से शिक्षक भवन में आयोजित विचार गोष्ठी में श्रमिक अधिकारों, मजदूर आंदोलनों और केंद्र सरकार की श्रम नीतियों को लेकर तीखे स्वर सुनाई दिए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिकागो के शहीद मजदूर नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मजदूर वर्ग की एकजुटता और संघर्ष को समय की आवश्यकता बताया।
गोष्ठी के मुख्य वक्ता सीपीआईएम प्रदेश सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड फूलचंद बर्बर ने कहा कि मजदूरों ने सदियों के संघर्ष और बलिदान से जो अधिकार हासिल किए थे, उन्हें वर्तमान सरकार ने नए श्रम कानूनों के जरिए कमजोर करने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिक हितों की अनदेखी कर मजदूरों को फिर से “बंधुआ मजदूरी” जैसी परिस्थितियों की ओर धकेला जा रहा है । फूलचंद बर्बर ने शिकागो के हेमार्केट आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि 1 मई 1886 को अमेरिका में आठ घंटे कार्यदिवस की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन विश्व मजदूर इतिहास की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक था। उन्होंने बताया कि 4 मई 1886 को शिकागो के हेमार्केट स्क्वायर में शांतिपूर्ण सभा के दौरान हुए बम विस्फोट और उसके बाद पुलिस कार्रवाई में कई मजदूर मारे गए थे। घटना के बाद गिरफ्तार किए गए मजदूर नेताओं अगस्त स्पाइस, अल्बर्ट पार्सन्स, एडोल्फ फिशर और जॉर्ज एंगेल को 1887 में फांसी दी गई। उन्हीं शहीदों की स्मृति में दुनिया भर में 1 मई को मजदूर दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉमरेड सुमेर बुड़ानिया ने कहा कि शिकागो के शहीदों का संघर्ष आज भी श्रमिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों को समाप्त करने के प्रयासों के खिलाफ संगठित संघर्ष जरूरी है। गोष्ठी को भारत की जनवादी नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ जानू, किसान सभा के जिलाध्यक्ष गिरधारी लाल महला, जिला महासचिव मदन यादव, सीपीआईएम जिला सचिव मंडल सदस्य बिलाल कुरैशी, नवलगढ़ तहसील सचिव धन्नाराम सैनी तथा किसान नेता सुरेश महला ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने श्रमिकों, किसानों और युवाओं की एकजुटता पर जोर देते हुए सामाजिक और आर्थिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नौजवान सभा जिला सचिव योगेश कटारिया, एसएफआई प्रदेश उपाध्यक्ष अनीश धायल, किसान सभा मलसीसर तहसील अध्यक्ष देवकीनंदन बसेरा, तहसील सचिव सुरेश पूनिया, अरविंद गढ़वाल, शाहिद चैनपुरा, प्रमोद स्वामी बाड़ेट, नरेंद्र पायल, सोयब खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सीपीआईएम जिला सचिव कॉमरेड राजेश बिजारणिया ने किया।













