झुंझुनूं का ‘गोल्डन बॉय’ प्रदीप गुर्जर

नेशनल बॉक्सिंग में स्वर्ण, एसएआई कैंप के लिए चयन

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के खेल परिदृश्य में बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए योगी स्टेडियम के होनहार मुक्केबाज़ प्रदीप गुर्जर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। प्रदीप ने 7वीं जूनियर बॉयज़ नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप (5 से 11 अप्रैल, नासिक, महाराष्ट्र) में 60–63 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर झुंझुनूं को गौरवान्वित कर दिया। नासिक में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदीप ने शानदार तकनीक, दमदार पंच और बेहतरीन फिटनेस के दम पर अपने सभी मुकाबले जीतते हुए गोल्ड पर कब्जा जमाया। उनकी इस उपलब्धि ने जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया है।

एसएआई कैंप में चयन, अब राष्ट्रीय स्तर पर निखरेगी प्रतिभा

प्रदीप के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई ) द्वारा आयोजित यू -17 नेशनल बॉक्सिंग कोचिंग कैंप के लिए किया गया है। यह कैंप 16 से 30 अप्रैल 2026 तक नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (पटियाला) में आयोजित हो रहा है, जहां देशभर के चुनिंदा प्रतिभाशाली बॉक्सर्स को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। नेशनल गोल्ड जीतकर झुंझुनूं लौटने पर प्रदीप का योगी स्टेडियम में जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया और उनकी सफलता पर गर्व जताया। इस उपलब्धि पर झुंझुनूं बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष नगेंद्र सैनी और स्टेडियम डायरेक्टर सुभाष योगी ने प्रदीप को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदीप की कड़ी मेहनत, अनुशासन और जज्बा उन्हें जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने तक पहुंचाएगा।

खेल प्रतिभाओं की नई पहचान बन रहा झुंझुनूं

प्रदीप गुर्जर की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि झुंझुनूं अब खेल प्रतिभाओं की उर्वर भूमि बनता जा रहा है, जहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर रहे हैं।