राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत, 20 अप्रैल तक जिलेभर में जागरूकता अभियान

स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों में मिलेगी फायर सेफ्टी ट्रेनिंग, लाइव डेमो से सिखाए आग बुझाने के तरीके

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगर परिषद झुंझुनूं की ओर से मंगलवार को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल) की शुरुआत जागरूकता कार्यक्रम के साथ की गई। अभियान का शुभारंभ जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया। नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने बताया कि सप्ताहभर जिले के स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों में फायर सेफ्टी को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को मॉक ड्रिल के माध्यम से आग से बचाव और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के उपाय सिखाए जाएंगे। वहीं अस्पतालों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और भीड़भाड़ वाले बाजारों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच भी की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान आमजन को फायर ब्रिगेड के आपातकालीन नंबरों और सुरक्षा उपायों से जुड़े पम्पलेट वितरित किए गए।

66 अग्निशामकों को दी श्रद्धांजलि

कलेक्टर डॉ. गर्ग ने बताया कि राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह उन 66 बहादुर अग्निशामकों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने 14 अप्रैल 1944 को बॉम्बे बंदरगाह पर हुए भीषण विस्फोट के दौरान आग बुझाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।

लाइव डेमो से सिखाए बचाव के तरीके

नगर परिषद की अग्निशमन टीम ने कार्यक्रम में आग बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया। घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में गीले कपड़े या बाल्टी के उपयोग से ऑक्सीजन काटकर आग बुझाने का तरीका बताया गया। वहीं डीजल और पेट्रोल जैसी ज्वलनशील पदार्थों में लगी आग पर फोम के जरिए वैज्ञानिक तरीके से नियंत्रण करने का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही लोगों को यह भी समझाया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय संयम बनाए रखें और निकास (एग्जिट) मार्ग का उपयोग करें। फायर एक्सटिंग्विशर के सही इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या, अग्निशमन अधिकारी बुलकेश भाम्बू, सहायक अभियंता प्रेम बिहारी माथुर सहित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी व नगर परिषद के कार्मिक मौजूद रहे।

अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू