महिला महाविद्यालय में नई किरण नशा मुक्ति अभियान के तहत 10 सखियों को वितरित की किट , विशेष व्याख्यान में नशे के दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों पर किया जागरूक
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को भी प्रभावित करता है। स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। यह बात राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय , झुंझुनूं के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. प्रमोद कुमार नारनोलिया ने सेठ नेतराम मघराज टीबड़ेवाला राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित विशेष व्याख्यान में कही।
महाविद्यालय में ‘नई किरण नशा मुक्ति केंद्र’ के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत किट वितरण एवं विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अभियान के तहत चयनित 10 सखियों को किट वितरित की गईं। मुख्य वक्ता डॉ. प्रमोद कुमार नारनोलिया ने छात्राओं को विभिन्न प्रकार के नशों, उनकी लत, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा नशे से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहना केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। युवाओं को स्वयं नशे से बचने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपनाकर युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने पर जोर दिया। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, झुंझुनूं की मनोचिकित्सा विभाग की सह आचार्या डॉ. तुलसी शर्मा ने नशे की प्रवृत्ति, उसके शुरूआती लक्षणों एवं व्यक्ति के व्यवहार में आने वाले बदलावों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने समय रहते लक्षणों की पहचान और उचित परामर्श एवं उपचार के महत्व को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मनोज कुल्हार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में केवल पढ़ाई, ज्ञान और अपने लक्ष्य को हासिल करने का जुनून होना चाहिए।
संस्कारयुक्त व्यक्तित्व और सकारात्मक सोच के साथ ही बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है। कार्यक्रम का संचालन ‘नई किरण’ नशा मुक्ति केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. शशि प्रकाश अहलावत ने किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कल्पना जानू, जगदीश कुमार, डॉ. आशीष गर्ग, डॉ. रघुराज सिंगोदिया, डॉ. अभिलाषा, डॉ. सुरेंद्र कुमार, डॉ. दिव्या चौधरी, डॉ. पूनम चंद, डॉ. प्रीतम एवं डॉ. राजवीर सिंह सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
















