28.23 करोड़ रूपये के दावे वाले मामले में राष्ट्रीय आयोग का अहम फैसला , क्षतिपूर्ति की मांग नहीं, चुकाई गई रकम तय करेगी उपभोक्ता आयोग का आर्थिक क्षेत्राधिकार
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
उपभोक्ता विवाद में करोड़ों रूपये की क्षतिपूर्ति मांगने का मतलब यह नहीं कि परिवाद राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग में ही दायर करना पड़ेगा। यदि उपभोक्ता ने वस्तु या सेवा के लिए 50 लाख रूपये तक का प्रतिफल चुकाया है, तो वह करोड़ों रूपये की क्षतिपूर्ति का दावा भी जिला उपभोक्ता आयोग में कर सकता है। आयोग का आर्थिक क्षेत्राधिकार क्षतिपूर्ति की मांगी गई रकम से नहीं, बल्कि वस्तु या सेवा के लिए चुकाई गई राशि से निर्धारित होगा।
इस महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति ने उपभोक्ता आयोगों के क्षेत्राधिकार को लेकर लंबे समय से चले आ रहे भ्रम को दूर किया है। इस संबंध में राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने चर्चित प्रकरण मेसर्स प्यारीदेवी छबिराज स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड बनाम नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड एवं अन्य में महत्वपूर्ण निर्णय दिया है। आयोग ने साफ किया कि परिवाद में मांगी गई क्षतिपूर्ति की राशि आर्थिक क्षेत्राधिकार निर्धारित करने का आधार नहीं है। इसके बजाय वस्तु या सेवा के लिए उपभोक्ता की ओर से चुकाया गया प्रतिफल ही निर्णायक होगा।
4.43 लाख का बीमा प्रीमियम , 28.23 करोड़ की क्षतिपूर्ति का दावा
मामले में परिवादी ने बीमा पॉलिसियों के लिए महज 4 लाख 43 हजार 562 रूपये प्रीमियम का भुगतान किया था, जबकि विवाद के बाद करीब 28.23 करोड़ रूपये की आर्थिक राहत और अन्य क्षतिपूर्ति की मांग की गई।
इतने बड़े दावे के बावजूद आर्थिक क्षेत्राधिकार निर्धारित करने के लिए राष्ट्रीय आयोग ने चुकाए गए बीमा प्रीमियम को आधार माना। इस निर्णय का सीधा संदेश है कि बड़ी क्षतिपूर्ति की मांग मात्र से उपभोक्ता को राज्य या राष्ट्रीय आयोग का दरवाजा खटखटाने की बाध्यता नहीं होगी।
उपभोक्ता संरक्षण (जिला आयोग, राज्य आयोग एवं राष्ट्रीय आयोग का क्षेत्राधिकार ) नियम, 2021 के अनुसार आयोगों का आर्थिक क्षेत्राधिकार चुकाए गए प्रतिफल के आधार पर निर्धारित होता है। जिला उपभोक्ता आयोग – 50 लाख रूपये तक का प्रतिफल। राज्य उपभोक्ता आयोग – 50 लाख रूपये से अधिक और 2 करोड़ रूपये तक का प्रतिफल। राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग – 2 करोड़ रूपये से अधिक का प्रतिफल।
49 लाख खर्च , 5 करोड़ की क्षतिपूर्ति , फिर भी जिला आयोग में परिवाद
इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है। यदि किसी उपभोक्ता ने 49 लाख रूपये की वस्तु खरीदी या सेवा प्राप्त की और विवाद होने पर 5 करोड़ रूपये की क्षतिपूर्ति मांगी, तो केवल क्षतिपूर्ति की रकम के आधार पर उसका मामला राष्ट्रीय आयोग में नहीं जाएगा। अन्य वैधानिक शर्तें पूरी होने पर वह जिला उपभोक्ता आयोग में ही परिवाद दायर कर सकता है। यानी उपभोक्ता को न्याय के लिए उचित मंच चुनने में क्षतिपूर्ति की बड़ी रकम के कारण भ्रमित होने की जरूरत नहीं है।
‘उपभोक्ता आवाज न्यायोत्सव’ से उपभोक्ता अधिकारों की अलख
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, झुंझुनूं के अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने ‘उपभोक्ता आवाज न्यायोत्सव’ के तहत इस महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधान की जानकारी देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को आयोगों के आर्थिक क्षेत्राधिकार को लेकर व्याप्त भ्रम से बाहर आना चाहिए। क्षतिपूर्ति की मांग और आयोग का आर्थिक क्षेत्राधिकार दो अलग-अलग विषय हैं। सही कानूनी जानकारी होने से उपभोक्ता अपने मामले के लिए उचित न्यायिक मंच का चयन कर सकता है।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संरक्षण कानून का उद्देश्य केवल उपभोक्ताओं को अधिकार प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया से जोड़ना भी है। ‘उपभोक्ता आवाज न्यायोत्सव’ के माध्यम से गांवों की चौपाल से लेकर शहर के मोहल्लों तक उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी पहुंचाने, जागरूकता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और प्रत्येक उपभोक्ता की आवाज को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।















