कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 3100-3100 तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 2100-2100 रुपए के चेक देकर किया सम्मानित
चूरू। श्री बृजलाल बुधिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय रतननगर में गाड़ोदिया सेवा कोष की ओर से मेधावी छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालकृष्ण गाड़ोदिया ने गत वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नकद पुरस्कार के चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मनीष शर्मा एवं पूजा शर्मा को 3100-3100 रुपए तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली मनीष प्रजापत एवं मासूम खटीक को 2100-2100 रुपए के चेक प्रदान किए गए।
बालकृष्ण गाड़ोदिया ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़कर रतननगर का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुस्तकों से दोस्ती सदैव फायदे में रहती है और ज्ञान ही जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम में प्रेरक एवं पूर्व प्राचार्य राकेश शर्मा ने छात्राओं को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संस्था प्रधान अनिल प्रजापत ने गाड़ोदिया परिवार का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति विश्वास जताया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।


















