Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं ककराय के तालाब में मिला चार दिन से लापता युवक का शव...

ककराय के तालाब में मिला चार दिन से लापता युवक का शव , हत्या की आशंका से परिजनों में आक्रोश

खेतड़ी के ककराय गांव स्थित तालाब में चार दिन से लापता केसर मेघवाल का शव मिलने के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण और पुलिस

मान्दरी निवासी 28 वर्षीय केसर मेघवाल का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी , परिजनों ने अस्पताल के बाहर एक घंटे दिया धरना , मेडिकल बोर्ड से करवाया पोस्टमार्टम

खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी थाना क्षेत्र के ककराय गांव स्थित तालाब में शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मान्दरी निवासी 28 वर्षीय केसर मेघवाल पुत्र सुभाष चन्द्र के रूप में हुई है। युवक पिछले चार दिनों से घर से लापता था। तालाब में शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।

वहीं, युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह ककराय गांव के ग्रामीणों ने तालाब में एक युवक का शव तैरते हुए देखा। इसकी सूचना तत्काल खेतड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।खेतड़ी के ककराय गांव स्थित तालाब में चार दिन से लापता केसर मेघवाल का शव मिलने के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण और पुलिस

ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया तथा खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक केसर मेघवाल पिछले करीब दो वर्षों से वन विभाग में वाचमैन के पद पर कार्यरत था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। उसके पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। बताया जा रहा है कि केसर पिछले चार दिनों से घर से लापता था। ऐसे में उसका शव गांव से दूर ककराय के तालाब में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

युवक तालाब तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर करीब एक घंटे तक धरना देकर मामले की गंभीरता से जांच करवाने की मांग की।

खेतड़ी के ककराय गांव स्थित तालाब में चार दिन से लापता केसर मेघवाल का शव मिलने के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण और पुलिस
मृतक मान्दरी निवासी 28 वर्षीय केसर मेघवाल

इस दौरान खेतड़ी सीआई बुद्धि प्रसाद ने परिजनों से समझाइश की और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने पर सहमत हुए। सीआई बुद्धि प्रसाद ने बताया कि परिजनों की ओर से रिपोर्ट दिए जाने पर मामला दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। चार दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिलने और परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Advertisement