Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बबाई में सरपंच चुनाव की मतगणना पर उठे सवाल , 31 वोटों...

बबाई में सरपंच चुनाव की मतगणना पर उठे सवाल , 31 वोटों की हार पर प्रत्याशी ने जताई आपत्ति

100 से अधिक मतों पर दो-दो मोहर होने का आरोप , निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पुनर्मतगणना की उठाई मांग

खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बबाई ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव परिणाम को लेकर विवाद गहरा गया है। मतगणना में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव में पराजित प्रत्याशी रामनिवास कुमावत ने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पुनर्मतगणना की मांग की है। उन्होंने उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी खेतड़ी को ज्ञापन सौंपकर 16 नवंबर 2026 को हुई मतगणना की निष्पक्ष जांच करवाने तथा सभी मतों की दोबारा गिनती कराने की मांग की है।

रामनिवास कुमावत ने अपने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत बबाई में 16 नवंबर को सरपंच पद के लिए मतदान निर्धारित समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक शांतिपूर्वक संपन्न हुआ था। इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन सरपंच पद के मतों की गिनती रात करीब 2 बजे शुरू की गई। चुनाव परिणाम में उन्हें विजेता प्रत्याशी गजराज सिधाना से 31 मतों से पराजित घोषित किया गया। प्रत्याशी रामनिवास कुमावत ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान 100 से अधिक मतपत्रों पर दो-दो मोहर लगी हुई थीं तथा उन पर स्याही भी लगी हुई थी। ऐसे मतों को निरस्त कर दिया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निरस्त किए गए मतपत्रों को अलग से खिड़की में ले जाकर निरस्त करने की कार्रवाई की गई, जिससे मतगणना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।
कुमावत ने निर्वाचन अधिकारी एवं आरओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विजेता प्रत्याशी गजराज सिधाना को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मतगणना में अनियमितताएं की गईं। उन्होंने कहा कि जब हार-जीत का अंतर महज 31 मतों का है और निरस्त मतों की संख्या 100 से अधिक बताई जा रही है, तो ऐसे में प्रत्येक मतपत्र की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान ही उन्होंने निर्वाचन अधिकारी (आरओ) को कथित अनियमितताओं से अवगत करवाया था, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी सुनवाई नहीं हुई। अब उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, निरस्त मतपत्रों सहित सभी मतों की दोबारा जांच करने तथा पारदर्शी तरीके से पुनर्मतगणना करवाकर न्याय दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रत्याशी ने प्रशासन से निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के मताधिकार की गरिमा बनाए रखने की मांग की है। इस दौरान किशनलाल, विनोद कुमार, जितेंद्र, मोहनलाल, राजकुमार, रामकिशन, सुरेश कुमार, मुकेश कुमार, शिवकुमार, कृष्ण कुमार, राजकुमार, शिंभूदयाल, गिरधारी लाल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement