Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा, 41 में से 29 सीटों...

झुंझुनूं जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा, 41 में से 29 सीटों पर जीत , भाजपा 11 पर सिमटी

जिला परिषद में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत , एक सीट निर्दलीय के खाते में , वार्ड 21 में दीपक कुमार सबसे बड़े अंतर से जीते तो वार्ड 24 में महज 148 मतों से हुआ फैसला

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायतीराज चुनाव – 2026 के तहत झुंझुनूं जिला परिषद सदस्य के चुनाव परिणामों ने जिले की ग्रामीण राजनीति की तस्वीर स्पष्ट कर दी है। जिला परिषद के कुल 41 वार्डों के घोषित अंतिम परिणामों में कांग्रेस ने 29 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं भाजपा को 11 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। परिणामों के अनुसार जिला परिषद में कांग्रेस को भाजपा से 18 सीटें अधिक मिली हैं। 41 सदस्यीय जिला परिषद में बहुमत के लिए 21 सीटों की आवश्यकता है, जबकि कांग्रेस ने 29 सीटें हासिल कर इस आंकड़े को आठ सीटों से पार कर लिया है। दूसरी ओर भाजपा 11 सीटों पर ही सिमट गई। एक सीट निर्दलीय के खाते में जाने से जिला परिषद की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।

पार्टीवार परिणामों में कांग्रेस को 70 प्रतिशत से अधिक सीटें

जिला परिषद के वार्डवार अंतिम परिणामों के अनुसार कांग्रेस ने कुल 41 में से 29 सीटों पर जीत दर्ज की, जो लगभग 70.73 प्रतिशत है। भाजपा ने 11 सीटें हासिल कीं, जो 26.83 प्रतिशत हैं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी ने एक सीट जीतकर लगभग 2.44 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज की। इस प्रकार जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीटों का अंतर 18 रहा। चुनाव परिणामों में कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट बहुमत सामने आया है।

सबसे बड़ी जीत दीपक कुमार की , 9906 मतों से दी शिकस्त

जिला परिषद चुनाव में सबसे बड़े अंतर से जीतने का रिकॉर्ड वार्ड संख्या 21 के कांग्रेस प्रत्याशी दीपक कुमार के नाम रहा। दीपक कुमार को कुल 16,369 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजाराम को 6,463 मत मिले। इस तरह दीपक कुमार ने 9,906 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। वहीं वार्ड संख्या 15 में कांग्रेस प्रत्याशी शांति ने 13,537 मत प्राप्त कर भाजपा प्रत्याशी पुष्कर सिंह सूरपुरा को 6,361 मतों से पराजित किया। वार्ड संख्या 7 में कांग्रेस के जगदीश प्रसाद ने 18,573 मत हासिल कर भाजपा प्रत्याशी मुनेश कुमार को 6,291 मतों से हराया।

सबसे कम अंतर से वार्ड 24 में कांग्रेस की जीत 

चुनाव परिणामों में सबसे रोचक मुकाबला वार्ड संख्या 24 में देखने को मिला। यहां कांग्रेस प्रत्याशी रतिराम ने भाजपा प्रत्याशी राजपाल सैनी को महज 148 मतों के अंतर से पराजित किया। रतिराम को 6,478 मत मिले, जबकि राजपाल सैनी को 6,330 मत प्राप्त हुए। वार्ड संख्या 32 में भी कांग्रेस प्रत्याशी अनिता ने भाजपा प्रत्याशी गिरवर सिंह को केवल 305 मतों से हराया। वहीं वार्ड संख्या 18 में भाजपा की दीक्षा अहलावत ने कांग्रेस प्रत्याशी सुनील कुमार को 325 मतों से पराजित किया। ये परिणाम बताते हैं कि कई वार्डों में मुकाबला बेहद नजदीकी रहा।

जिला परिषद में कांग्रेस के 29 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की

समीरा अनीस खान (वार्ड 1), डॉ. भगवती वर्मा (2), डॉ. निकिता (3), सुशीला सीगड़ा (6), जगदीश प्रसाद (7), कविता कुमारी (8), श्रवण सिंह (9), कान्ता (10), किरण कुमावत (11), सरस्वती जांगिड़ (12), आशुतोष (13), शांति (15), कोमल भंवरिया (16), विजयपाल सिंह भाटीवाड़ (17), दिनेश कुमार (19), रंजना कुमारी धीवा (20), दीपक कुमार (21), रतिराम (24), सत्यवीर सिंह (25), अमर सिंह (26), निशा चनेजा (27), रजनीश (28), योगेश गुर्जर (30), मनीषा (31), अनिता (32), राजकुमार (33), सुन्दर (35), प्रवेश जानू (40) एवं खलील अली (वार्ड़ नम्बर 41 ) ने जीत दर्ज की ।

जिला परिषद में भाजपा के 11 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की

विमल कंवर (वार्ड 4), हर्षिनी कुल्हरी (5), सरोज देवी (14), दीक्षा अहलावत (18), उर्मिला कंवर (22), मीनू कुमारी (29), सुरेन्द्र कुमार भाटिया (34), कल्पना गोयन (36), अंजू काला (37), बल्लाराम (38) एवं नेहा ( वार्ड नम्बर 39 ) ने जीत दर्ज की वहीं वार्ड संख्या 23 से शीला देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की।

जिला प्रमुख चुनाव पर टिकी निगाहें

जिला परिषद के चुनाव परिणामों के बाद अब जिले की राजनीति में जिला प्रमुख के निर्वाचन को लेकर गतिविधियां महत्वपूर्ण होंगी। कांग्रेस के पास 29 सदस्यों का स्पष्ट बहुमत है। ऐसे में जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के पास संख्याबल की स्थिति मजबूत है। हालांकि जिला प्रमुख का निर्वाचन अलग प्रक्रिया के तहत निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों द्वारा किया जाएगा। कुल मिलाकर जिला परिषद के चुनाव परिणामों ने झुंझुनूं जिले की ग्रामीण राजनीति में दलों की सदस्य संख्या की स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब सबकी निगाहें जिला प्रमुख के निर्वाचन और जिला परिषद की आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर रहेंगी।

Advertisement