अवैध हथियार, शराब और प्रतिबंधित सामग्री की तलाश; संवेदनशील मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी, भयमुक्त मतदान करवाना प्राथमिकता
चूरू। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न करवाने के लिए जिला पुलिस अलर्ट मोड पर है। जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन तथा एएसपी सुनील कुमार के सुपरविजन में पुलिस की विभिन्न टीमों ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए तीन स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की।
पुलिस टीमों ने सरदारशहर-रतनगढ़ तिराहे, गाजसर गांव के पास तथा सदर थाना क्षेत्र के निकट नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की जांच-पड़ताल की। इस दौरान दूसरे राज्यों और जिले के बाहर से आने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिसकर्मियों ने वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी।
डीएसपी गजेन्द्र सिंह ने बताया कि पंचायतीराज चुनावों को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। नाकाबंदी के दौरान वाहनों में लगी काली फिल्म, अवैध हथियार, अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की जांच की जा रही है। साथ ही असामाजिक तत्वों की आवाजाही की आशंका को देखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि चूरू, रतनगढ़, सुजानगढ़ एवं तारानगर क्षेत्रों में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और सरपंच पदों के लिए होने वाले चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी कर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस का उद्देश्य चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाना है, ताकि आमजन बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
















