फाइनल में राजस्थान पुलिस को 75 -72 से दी शिकस्त , सीकर को हराकर खिताबी मुकाबले में बनाई थी जगह , महिला टीम ने हासिल किया चौथा स्थान
झुंझुनूं । अजीत जांगिड
खेल जगत में झुंझुनूं जिले ने इतिहास रचते हुए बास्केटबॉल में प्रदेशभर में अपना परचम लहरा दिया। हनुमानगढ़ में आयोजित 76वीं सीनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में झुंझुनूं की पुरूष टीम ने पहली बार राजस्थान चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में झुंझुनूं ने राजस्थान पुलिस की मजबूत टीम को 75 -72 अंकों से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही झुंझुनूं ने 76 साल के प्रतियोगिता इतिहास में पहली बार सीनियर बास्केटबॉल का स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। खिताबी सफर में झुंझुनूं की टीम ने शुरूआत से ही शानदार खेल, बेहतरीन तालमेल और दमदार रणनीति का परिचय दिया। फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में झुंझुनूं ने सीकर की टीम को कड़े संघर्ष के बाद 86 -79 अंकों से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
इसके बाद खिताबी मुकाबले में राजस्थान पुलिस के खिलाफ खिलाड़ियों ने आखिरी क्षणों तक अपना दबदबा बनाए रखा और तीन अंकों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। टीम की इस शानदार सफलता में गौरव चंदेल, शरद दाधीच, नीलेश, जतिन और नितेश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अहम भूमिका निभाई। खिलाड़ियों के शानदार खेल और सामूहिक प्रयासों ने झुंझुनूं को प्रदेश का चैम्पियन बना दिया।
प्रतियोगिता में झुंझुनूं की महिला टीम ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में आंचल और निकिता ने अपने उत्कृष्ट खेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। पुरूष टीम के स्वर्णिम प्रदर्शन और महिला टीम के शानदार प्रयासों से जिले के बास्केटबॉल खिलाड़ियों की प्रतिभा प्रदेश स्तर पर सामने आई। जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव एवं कोच डॉ. सुशील यादव ने इस उपलब्धि को जिले के बास्केटबॉल इतिहास का मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, टीम भावना और नियमित अभ्यास के दम पर यह ऐतिहासिक सफलता मिली है।
76 साल के इतिहास में पहली बार राजस्थान चैम्पियन बनने की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।झुंझुनूं की इस ऐतिहासिक जीत पर जिला बास्केटबॉल संघ के सदस्यों एवं खेलप्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। संघ के पूर्णेन्दुनाथ त्रिपाठी, कमल वाक्याण, अमृतप्रकाश, नरेंद्र वर्मा, विनोद सैनी, उमंग, अनुराग टीबड़ा, लियाकत अली, प्रमोद, रूपेश जांगिड़, हिमांशु त्रिहुन, सुधांशु शर्मा, लव जोशी, विनोद शर्मा, शत्रुघ्न गुप्ता, विनय चौधरी, डीके, नरेश यादव, अमित केडिया, डॉ. विकास, कैलाश यादव एवं पत्रकार संजय सैनी सहित जिला खेल अधिकारी राजेश ओला ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।














