बिजली करंट ने छीनी थी आठ जिंदगियां , विद्युत निगम ने प्रत्येक परिवार को सौंपे 5-5 लाख के चेक , प्रशासन ने की थी 15 -15 लाख की सहायता की घोषणा


उदयपुरवाटी । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
छापोली में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले आठ मजदूरों के परिवारों को आर्थिक सहायता मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को विद्युत निगम की ओर से सभी आठ मृतक मजदूरों के परिजनों को 5-5 लाख रूपए के चेक सौंपे गए। इस तरह विद्युत निगम ने कुल 40 लाख रूपए की सहायता राशि वितरित की। उल्लेखनीय है कि गत 2 नवंबर को छापोली में सड़क निर्माण कार्य के दौरान बिजली का करंट लगने से आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
एक साथ आठ मजदूरों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी। हादसे के बाद जिला कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के तहत प्रत्येक मृतक के परिवार को 15-15 लाख रूपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसी घोषणा की अनुपालना में बुधवार को विद्युत निगम की ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रूपए के चेक प्रदान किए गए। चेक वितरण के दौरान विद्युत निगम के सहायक अभियंता मनफूल सिंह महरिया, तहसीलदार जेआर कूड़ी, थानाधिकारी रामपाल मीना, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, महेश सैनी, नितेश सैनी एवं पार्षद तेजस छिपा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
















