मण्डावा पुलिस की साइबर जांच में खुला मामला , तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस


झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर युवती की फोटो एडिट कर आपत्तिजनक रूप में पोस्ट करने और धमकी देने के गंभीर मामले में मण्डावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परिवादी की बेटी की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने और धमकियां देने का आरोप है। पुलिस ने साइबर तकनीकी जांच और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार परिवादी ने मण्डावा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसकी बेटी की फोटो एडिट की तथा निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर धमकी दे रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ी जानकारियां जुटाईं और तकनीकी साक्ष्यों के साथ गोपनीय सूचनाओं का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर आरोपी योगेश कुमार (24) पुत्र राधेश्याम निवासी वार्ड नंबर 08, मण्डावा की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी झुंझुनूं ग्रामीण नरेश राठी के सुपरविजन में थानाधिकारी चंद्रभान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई करने वाली टीम में मण्डावा थानाधिकारी चंद्रभान, साइबर सेल झुंझुनूं के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र, मण्डावा थाने के कांस्टेबल पपेन्द्र सिंह एवं सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे।
पुलिस की अपील : सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से करें उपयोग
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति की निजी तस्वीर बिना सहमति सोशल मीडिया पर साझा करना, फोटो को आपत्तिजनक रूप में एडिट करना और फर्जी अकाउंट बनाकर धमकी देना आईटी एक्ट के तहत गंभीर अपराध है। सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
















