Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू रेलवे स्टेशन का ADRM ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा...

चूरू रेलवे स्टेशन का ADRM ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

चूरू रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते ADRM आरएस चौधरी

रनिंग रूम में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्ड से किया सुरक्षा संवाद; प्लेटफॉर्म पर शेड, CCTV और ट्रेन संचालन में बदलाव सहित विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

चूरू। अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) आरएस चौधरी ने चूरू रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान रनिंग रूम में ट्रेन संचालन से जुड़े लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्ड के साथ सुरक्षा संवाद आयोजित किया गया। वहीं, समस्या समाधान केंद्र के पदाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं में सुधार और ट्रेनों के संचालन से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

रेल कर्मचारियों से किया सुरक्षा संवाद

रनिंग रूम में आयोजित संवाद के दौरान एडीआरएम आरएस चौधरी ने रेल कर्मचारियों को सुरक्षित ट्रेन संचालन, सुरक्षा नियमों के पालन, तकनीकी खराबी और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों के समुचित उपयोग पर भी जोर दिया।चौधरी ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन के लिए कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया।

यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने कैरिज एंड वैगन, पार्सल कार्यालय, पार्किंग स्थल, दिव्यांग पार्किंग, वीआईपी रूम, एसी प्रतीक्षालय, फूड कोर्ट, रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री, 12 मीटर फुट ओवरब्रिज और ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी।इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक सुरेश माथुर, सुविधा प्रबंधक राकेश भाकर, सीटीआई रणवीर दईया और आरपीएफ के एसआई राजेश चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।

प्लेटफॉर्म पर टीन शेड और सीसीटीवी लगाने की मांग

समस्या समाधान केंद्र के पदाधिकारियों ने स्टेशन से संबंधित मांगों को लेकर एडीआरएम को ज्ञापन सौंपा। केंद्र अध्यक्ष सत्यनारायण व्यास ने मांग की कि रेलवे स्टेशन के चारों प्लेटफॉर्म पर टीन शेड लगवाए जाएं, ताकि यात्रियों को धूप और बारिश से राहत मिल सके। उन्होंने गाड़ी संख्या 74830 के प्रस्थान समय को दोपहर 2 बजे से बदलकर करीब 4 बजे करने की मांग भी रखी।

केंद्र के सचिव प्रमोद शर्मा ने स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, प्लेटफॉर्म पर रेलिंग की व्यवस्था करने और प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर सुलभ शौचालय बनवाने की मांग की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए वीआईपी टिकट सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई।

ट्रेनों के समय और संचालन में बदलाव का सुझाव

ज्ञापन के दौरान प्रेम बगड़िया, दारासिंह जांगिड़ और राजेंद्र सिंह ने बीकानेर से हिसार के बीच चलने वाली ट्रेन का किराया लोकल ट्रेन के अनुरूप करने की मांग रखी। राजेंद्र सिंह ने चूरू से सीकर की ओर चलने वाली साधारण सवारी गाड़ी संख्या 74861 डेमू ट्रेन के संचालन में बदलाव का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन रात करीब 9:40 बजे चूरू पहुंचकर यहीं रुक जाती है। मांग की गई कि ट्रेन का संचालन रतनगढ़ तक बढ़ाया जाए, इसे शाम 5 बजे रतनगढ़ से चलाकर चूरू लाया जाए और इसके बाद चूरू से जयपुर के लिए रवाना किया जाए।पदाधिकारियों का कहना है कि इन बदलावों से आम यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। अब इन मांगों पर रेलवे प्रशासन की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Advertisement