Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं चुनाव ड्यूटी में जान गंवाने वाले शिक्षक कैलाश चंद्र के परिवार के...

चुनाव ड्यूटी में जान गंवाने वाले शिक्षक कैलाश चंद्र के परिवार के साथ खड़ा हुआ प्रशासन , कलेक्टर-एसपी ने बंधाया ढांढस

धतरवाला में चुनाव ड्यूटी के दौरान दिवंगत शिक्षक कैलाश चंद्र के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना देते जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर

धतरवाला पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने परिजनों को दी सांत्वना, नियमानुसार हरसंभव राजकीय सहायता का दिलाया भरोसा

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनाव के दौरान निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते हुए असमय दुनिया को अलविदा कहने वाले शिक्षक कैलाश चंद्र के निधन से जिला प्रशासन में शोक की लहर है। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग तथा झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर धतरवाला स्थित दिवंगत शिक्षक के निवास पर पहुंचे।

यहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस अपूरणीय क्षति पर ढांढस बंधाया। दोनों अधिकारियों ने दिवंगत शिक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शिक्षक कैलाश चंद्र की पोस्टिंग कुतुबपुरा में थी।

पंचायती राज चुनाव के दौरान उनकी ड्यूटी धतरवाला मतदान केंद्र पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के रूप में लगाई गई थी। निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते समय अचानक हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। चुनावी जिम्मेदारी निभाते हुए एक कार्मिक के असमय निधन की इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि दु:ख की इस घड़ी में जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दिवंगत शिक्षक के परिवार को नियमानुसार यथासंभव राजकीय सहायता उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सहयोग किया जाएगा।

निर्वाचन कार्य के दौरान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जीवन गंवाने वाले कार्मिक के परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने भी दिवंगत शिक्षक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को इस असहनीय दु.ख को सहन करने की शक्ति मिलने की कामना करते हुए उन्हें संबल प्रदान किया। जिला प्रशासन के दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की इस संवेदनशील पहल से शोक संतप्त परिवार को ढांढस मिला।

Advertisement