सम्प्रति संस्थान और खंडेलिया परिवार ने किया आयोजन, नवनिर्वाचित सभापति विनय गोयनका, उपसभापति ओम इन्दोरिया सहित 32 पार्षदों का अभिनंदन
चूरू। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के उत्तम स्वास्थ्य एवं शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर शनिवार, 17 अक्टूबर को खंडेलिया चौक पर तुलादान कार्यक्रम आयोजित किया गया। सम्प्रति संस्थान और खंडेलिया परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया। इस दौरान प्रसाद और गोवंश के लिए गुड़ का दान भी दिया गया।
राठौड़ और विधायक सहारण का किया सम्मान
कार्यक्रम में राजेंद्र राठौड़ ने ब्रह्मचारी आश्रम गुरुकुल स्थित मां अन्नपूर्णा एवं राय दरबार मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उनका तुलादान किया गया। सम्प्रति संस्थान अध्यक्ष राधेश्याम चोटिया ने राठौड़ और विधायक हरलाल सहारण का साफा, दुपट्टा, प्रतीक चिह्न और अभिनंदन पत्र भेंट कर स्वागत किया। अमित बन्ना ने राठौड़ को मां दुर्गा की मूर्ति भेंट की।
सभापति और पार्षदों का अभिनंदन
समारोह में नवनिर्वाचित नगर परिषद सभापति विनय गोयनका, उपसभापति ओम इन्दोरिया और भाजपा के 32 पार्षदों का भी सम्मान किया गया। अतिथियों ने जनप्रतिनिधियों से शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।
अतिक्रमण हटाने में सहयोग की अपील
राजेंद्र राठौड़ ने नगर परिषद चुनावों में भाजपा को समर्थन देने के लिए शहरवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभापति विनय गोयनका के नेतृत्व में विकास कार्यों के जरिए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मुख्य बाजार की सड़कों से अतिक्रमण हटाने में व्यापारियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि सड़कों के गड्ढों और टूटी नालियों की मरम्मत के कार्य भी शुरू किए गए हैं।
2031 में काम के आधार पर हो अभिनंदन
विधायक हरलाल सहारण ने शहर के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। सभापति विनय गोयनका ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2031 में यदि वे अपने कार्यों से जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे, तभी उनका अभिनंदन सार्थक होगा। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














