बालिकाओं को बाल विवाह, बाल श्रम और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर किया सम्मान
लाम्पी । पाली।प्रहलाद सिंह चारण
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लाम्पी के प्रांगण में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं का तिलक लगाकर, रक्षासूत्र बांधकर और मिठाई खिलाकर सम्मान किया गया। इस दौरान बालिकाओं को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और ब्राह्मणी माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मिष्ठान का भोग लगाकर किया गया। कार्यक्रम अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, पाली के विभाग संगठन मंत्री विजेंद्र निर्मल के सानिध्य में आयोजित हुआ।
नारी शक्ति का सम्मान करना हमारा कर्तव्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजेंद्र निर्मल ने कहा कि सभी को नारी शक्ति का सम्मान और आदर करना चाहिए। बेटियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध करवाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना समाज की जिम्मेदारी है। इस दौरान बालिकाओं को बाल विवाह एवं बाल श्रम की रोकथाम, साइबर सुरक्षा और संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी
कार्यक्रम में श्रवण सिंह राठौड़ ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए जागरूक किया।शारीरिक शिक्षक महेंद्र सिंह गेहलोत, नारलाई ने बाल श्रम की रोकथाम के उपायों और इससे जुड़े समाधान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भारतीय संस्कृति, संस्कार, अनुशासन, सहनशीलता, नियमित अभ्यास और सदाचार को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।मोहम्मद असलम ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में सहनशील और कर्तव्यनिष्ठ होकर कार्य करना चाहिए।
बालिकाओं का किया सम्मान
कार्यक्रम के अंत में सभी बालिकाओं के तिलक लगाकर, रक्षासूत्र बांधकर और मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया गया। आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक विजेंद्र निर्मल, हिम्मत सिंह चारण, महेंद्र सिंह गेहलोत, मोहम्मद असलम, श्रवण सिंह राठौड़, मोहम्मद फारूक, सलेश कुमार मीणा सहित विद्यालय के अन्य कार्मिक और पोषाहार सेविका मौजूद रहे।














