Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पंचायती राज चुनाव – चार पंचायत समितियों में नामांकन का बिगुल, 19...

पंचायती राज चुनाव – चार पंचायत समितियों में नामांकन का बिगुल, 19 अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया

नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी में 23 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन , 24 को जांच और 26 अक्टूबर को नाम वापसी के बाद मिलेंगे चुनाव चिह्न

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव के तहत अब तृतीय चरण की नामांकन प्रक्रिया सोमवार, 19 अक्टूबर से शुरू होगी। इस चरण में नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही इन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि चारों पंचायत समितियों के लिए 19 अक्टूबर को निर्वाचन की लोकसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उम्मीदवार 23 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन से लेकर चुनाव चिह्न आवंटन तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। संवीक्षा के बाद 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होते ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक होंगे नामांकन – पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने का समय सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को इसी समयावधि में नामांकन पत्र जमा कराने होंगे। निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित तिथि और समय की पालना सुनिश्चित की जाएगी।

चारों पंचायत समितियों में यहां जमा होंगे नामांकन

प्रशासन ने चारों पंचायत समितियों के लिए नामांकन स्थल भी निर्धारित कर दिए हैं। इसके तहत— नवलगढ़ पंचायत समिति -उपखंड कार्यालय, नवलगढ़ । गोठड़ा पंचायत समिति – ग्राम पंचायत कार्यालय भवन, गोठड़ा।

उदयपुरवाटी पंचायत समिति

उपखंड कार्यालय, उदयपुरवाटी। गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति – तहसील कार्यालय, गुढ़ागौड़जी। इन निर्धारित स्थलों पर ही संबंधित पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। अब नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर स्पष्ट होगी। प्रत्याशियों की अंतिम सूची और चुनाव चिह्नों के आवंटन के साथ ही चारों पंचायत समितियों में चुनावी मुकाबले की स्थिति सामने आ जाएगी।

Advertisement