बसई में डीएसपी राजेंद्र सिंह बुरड़क ने सीएलजी , यूथ सीएलजी और ग्राम सुरक्षा समितियों के साथ की बैठक , सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के निर्देश
खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पंचायती राज आम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से खेतड़ी उपखंड के बसई स्थित अटल सेवा केंद्र में पुलिस ने सीएलजी, यूथ सीएलजी और ग्राम सुरक्षा समितियों के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में ग्रामीणों और युवाओं को निष्पक्ष मतदान में सहयोग करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रहने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने, मतदाताओं को प्रलोभन देने या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएसपी राजेंद्र सिंह बुरड़क ने ग्रामीणों से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष मतदान लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सीएलजी, यूथ सीएलजी और ग्राम सुरक्षा समितियों के सदस्यों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने तथा गांवों में शांति और सद्भाव का माहौल बनाए रखने का आह्वान किया।
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने से बचें, संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना
पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए युवाओं को विशेष रूप से जागरूक किया। यूथ सीएलजी और ग्राम सुरक्षा समितियों के सदस्यों से अपील की गई कि वे सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं, सांप्रदायिक संदेश या अफवाहें प्रसारित न करें। ऐसी किसी भी सामग्री को बिना पुष्टि आगे साझा करने से बचें, जिससे गांव में तनाव या विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई। थानाधिकारी रामनारायण चोयल ने बैठक में नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्यों और प्रमुख प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित जानकारी और निजी विवरण साझा नहीं करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सावधानी बरतें। साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में बच्चों की सुरक्षा के प्रति भी ग्रामीणों और युवाओं को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों ने अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित बसई जांच चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार प्रभावी नाकाबंदी करने तथा सीमा से आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देने पर सतर्कता बरतने और नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में ग्राम सरपंच, गणमान्य नागरिक, सीएलजी सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने और निष्पक्ष मतदान में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।












