दूसरे चरण से शुरू होगा चुनावी रण, 29 अक्टूबर को छह पंचायत समितियों में वोटिंग , 14 नवंबर को चौथे चरण में चार समितियों में मतदान,जिला परिषद-पंचायत समिति सदस्यों के लिए 20 नवंबर को मतगणना, 25 से 28 नवंबर तक जिला प्रमुख, प्रधान सहित बड़े पदों पर होगा फैसला


झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनाव-2026 का कार्यक्रम जारी होने के साथ ही झुंझुनूं जिले में ग्रामीण सत्ता के चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। प्रदेश में पंचायत चुनाव चार चरणों में होंगे, लेकिन झुंझुनूं जिले में मतदान दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में कराया जाएगा। यानी जिले में चुनावी शुरूआत पहले चरण से नहीं, बल्कि दूसरे चरण से होगी। जिले की कुल 14 पंचायत समितियों को तीन चरणों में बांटा गया है। दूसरे चरण में झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 29 अक्टूबर को मतदान होगा। तीसरे चरण में नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी तथा चौथे चरण में खेतड़ी, बबाई, मंडावा और अलसीसर पंचायत समितियां शामिल रहेंगी।

29 अक्टूबर को छह पंचायत समितियों में मतदान
दूसरे चरण में शामिल छह पंचायत समितियों के लिए जिला परिषद सदस्य चुनाव की लोकसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी। 16 अक्टूबर अक्टूबर नामांकन की अंतिम तिथि होगी। 17 अक्टूबर अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा और 19 अक्टूबर को नाम वापसी होगी। 19 अक्टूबर के बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर अंतिम अभ्यर्थी सूची प्रकाशित की जाएगी। 29 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए लोकसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी। 15 अक्टूबर तक नामांकन, 17 अक्टूबर को संवीक्षा तथा 19 अक्टूबर को नाम वापसी होगी। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित कर अंतिम सूची जारी की जाएगी। इन पदों के लिए भी 29 अक्टूबर को मतदान होगा।
पंच-सरपंच के लिए 30 अक्टूबर को नामांकन, 31 को मतदान
दूसरे चरण की पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच के चुनाव की प्रक्रिया अलग रहेगी। इसके लिए 13 अक्टूबर को लोकसूचना जारी होगी। 30 अक्टूबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। सुबह 11.30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा, दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी होगी। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर अंतिम अभ्यर्थी सूची जारी की जाएगी। 31 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक पंच-सरपंच के लिए मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी। 1 नवंबर को उप सरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
तीसरे चरण में नवलगढ़ सहित चार पंचायत समितियां
तीसरे चरण में जिले की चार पंचायत समितियां शामिल हैं। इनमें नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी शामिल हैं। इन पंचायत समितियों में जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य तथा ग्राम पंचायत स्तर के पंच-सरपंच चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान कराया जाएगा।
चौथे चरण में खेतड़ी-बबाई-मंडावा-अलसीसर
चौथे चरण में जिले की खेतड़ी, बबाई, मंडावा और अलसीसर पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर 2026 को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। पंचायत समिति सदस्य चुनाव के लिए 31 अक्टूबर को लोकसूचना जारी होगी। 4 नवंबर नामांकन की अंतिम तिथि, 5 नवंबर को संवीक्षा तथा 6 नवंबर को नाम वापसी होगी। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित कर अंतिम अभ्यर्थी सूची जारी की जाएगी। 14 नवंबर को मतदान होगा और जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी। जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में तय प्रक्रिया के अनुरूप रहेगी, जबकि मतदान चौथे चरण में 14 नवंबर को होगा।
16 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए वोटिंग
चौथे चरण की ग्राम पंचायतों के लिए 31 अक्टूबर को लोकसूचना जारी होगी। 15 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन, सुबह 11.30 बजे संवीक्षा और दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी होगी। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी। 17 नवंबर को उप सरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
20 नवंबर को मतगणना, 25 से 28 नवंबर तक ग्रामीण सत्ता के शीर्ष पदों का फैसला
पंचायती राज चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण तारीख 20 नवंबर रहेगी। इस दिन सुबह 8 बजे से जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना होगी। इसके बाद जिला परिषद और पंचायत समितियों में प्रमुख पदों के चुनाव का दौर शुरू होगा।
जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर 2026 को होंगे , जिला उप प्रमुख के चुनाव 26 नवंबर 2026 को होंगे , प्रधान के चुनाव 27 नवंबर 2026 को होंगे और उप प्रधान के चुनाव 28 नवंबर 2026 को होंगे । इस तरह नवंबर के अंतिम सप्ताह में झुंझुनूं की ग्रामीण राजनीति में जिला प्रमुख, उप प्रमुख, पंचायत समितियों के प्रधान और उप प्रधान के पदों पर नई तस्वीर सामने आएगी। पंचायत चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही गांवों से लेकर जिला परिषद तक चुनावी सरगर्मियां तेज होने की संभावना है।










