Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं लोहार्गल के बरखंडी धाम में संत की हत्या-लूट का पांच दिन में...

लोहार्गल के बरखंडी धाम में संत की हत्या-लूट का पांच दिन में खुलासा

लोहार्गल के बरखंडी धाम में संत सुरजादास महाराज हत्या-लूट मामले में आरोपी की गिरफ्तारी

गहरी खाई में मिला था सुरजादास महाराज का शव, तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी सुरेश कुमार तक पहुंची पुलिस

गोठड़ा । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
लोहार्गल स्थित बरखंडी धाम के संत सुरजादास महाराज की हत्या और लूट के मामले का गोठड़ा थाना पुलिस ने महज पांच दिन में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और विभिन्न टीमों की मदद से वारदात की कड़ियां जोड़ते हुए सुरेश कुमार पुत्र ग्यारसीलाल (44) , निवासी झाझम की ढाणी, तन पहाड़ीला, थाना गोठड़ा, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। आरोपी से वारदात को लेकर गहन पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।

पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को परिवादी शंकरलाल ने गोठड़ा थाने में रिपोर्ट दी कि लोहार्गल धाम स्थित बरखंडी बाबा मंदिर के संत सुरजादास महाराज, जो सिंगोद कलां, जयपुर के रहने वाले थे, 26 सितंबर की शाम से लापता हैं। 27 सितंबर की सुबह मंदिर पहुंचे यात्रियों ने संत के वहां मौजूद नहीं होने की जानकारी दी। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर संत की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों ने भी संत की तलाश शुरू की।

इसी दौरान बरखंडी की पहाड़ियों में एक गहरी खाई में संत सुरजादास महाराज का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम, जयपुर जिला रेस्क्यू टीम की मदद से शव को खाई से बाहर निकलवाया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया और हत्या के अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर टीम और एमओबी द्वारा बारीकी से निरीक्षण कराया गया।

पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाला गया और पुलिस टीमों ने लगातार जांच करते हुए आरोपी सुरेश कुमार तक पहुंच बनाई। कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश आईपीएस तथा पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा नवलगढ़ वृताधिकारी सुगन सिंह आरपीएस के सुपरविजन में की गई।

गोठड़ा थानाधिकारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। विशेष टीम में गोठड़ा थानाधिकारी प्रेमप्रकाश, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक राकेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह, हेड कांस्टेबल रोहिताश, महेन्द्र कुमार, रामसिंह, कानाराम व राजेश कुमार सहित कांस्टेबल सुनील कुमार, निहाल सिंह, अशोक कुमार, सरदार मल, दिनेश कुमार, रामनिवास, सोहनलाल, माधुसिंह, भागीरथ मल, महेश कुमार एवं बाबूलाल शामिल रहे।

वहीं अन्य सहयोगी टीम में उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल मीणा , नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह , साइबर सेल झुंझुनूं के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र थाकन, सीओ कार्यालय नवलगढ़ के कांस्टेबल अजय सिंह एवं महीपाल शामिल रहे। डीएसटी झुंझुनूं की टीम में उपनिरीक्षक हेमराज, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार व बुलेश कुमार तथा कांस्टेबल सुनील कुमार एवं अमित कुमार ने भी जांच में सहयोग किया। पुलिस के अनुसार सहायक उपनिरीक्षक राकेश कुमार और हेड कांस्टेबल रोहिताश की विशेष भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपी सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे हत्या और लूट की वारदात में उसकी भूमिका, घटना के कारण तथा लूटे गए सामान के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान जारी है और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और तथ्य सामने आ सकते हैं।

Advertisement