करीब दो साल बाद प्रशासनिक फेरबदल , तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त, क-4 अनुभाग में उपस्थिति के निर्देश

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले के अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) अजय कुमार आर्य को राज्य सरकार ने एपीओ कर दिया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार आर्य को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर कार्मिक विभाग के क-4 अनुभाग में अपनी उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में एपीओ किए जाने का कारण प्रशासनिक बताया गया है। करीब दो साल तक झुंझुनूं एडीएम के पद पर सेवाएं देने के बाद अजय कुमार आर्य को एपीओ किए जाने से जिला प्रशासन में बदलाव की स्थिति बनी है। उनके स्थान पर नए एडीएम की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
अजय कुमार आर्य को वर्ष 2024 में हुए प्रशासनिक फेरबदल के दौरान झुंझुनूं एडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वे जयपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे। अगस्त 2024 में झुंझुनूं आने के बाद से वे लगातार अतिरिक्त जिला कलेक्टर के पद पर कार्य कर रहे थे। करीब दो वर्ष के कार्यकाल के बाद अब राज्य सरकार की ओर से उन्हें एपीओ करने का आदेश जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से कार्यमुक्त होकर कार्मिक विभाग में उपस्थिति देनी होगी।
अजय कुमार आर्य के एपीओ संबंधी आदेश में कारण के तौर पर प्रशासनिक कारणों का उल्लेख किया गया है। आदेश में किसी प्रकार की जांच, आरोप या विभागीय कार्रवाई का जिक्र नहीं है। ऐसे में फिलहाल इसे प्रशासनिक स्तर पर लिया गया निर्णय माना जा रहा है। एपीओ के बाद आर्य को कार्मिक विभाग के क-4 अनुभाग में उपस्थिति देनी होगी। नई पोस्टिंग के आदेश तक वे कार्मिक विभाग में ही रहेंगे। अब जिले में नए एडीएम की नियुक्ति पर नजर रहेगी।










