Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं साइबर ठगों से सावधान रहें , एक चूक से खाली हो सकता...

साइबर ठगों से सावधान रहें , एक चूक से खाली हो सकता है बैंक खाता

झुंझुनूं के महर्षि दयानंद कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करती साइबर थाना पुलिस टीम

महर्षि दयानंद कन्या महाविद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट व सोशल मीडिया हैकिंग से बचाव के उपाय बताए

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान माह सितम्बर-2026’ अभियान के तहत महर्षि दयानंद कन्या महाविद्यालय, मंडावा मोड़ झुंझुनूं में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और कॉलेज स्टाफ को ऑनलाइन वित्तीय ठगी, फिशिंग लिंक, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग सहित साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम महानिदेशक पुलिस, साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में आयोजित किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल फुलचन्द मीणा तथा साइबर थाना प्रभारी रामखिलाड़ी मीणा के मार्गदर्शन में साइबर थाना पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में साइबर थाना टीम की ओर से मुख्य वक्ता अशोक कुमार , प्रोग्रामर तथा ताराचंद मीणा , सहायक उपनिरीक्षक ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि साइबर ठग लोगों को अलग-अलग तरीकों से झांसे में लेकर उनके बैंक खाते और व्यक्तिगत जानकारी तक पहुंच बना रहे हैं।

ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा व्यक्तिगत दस्तावेज साझा नहीं करने की सलाह दी गई। वक्ताओं ने छात्राओं को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी विशेष सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि अनजान लोगों के साथ फोटो, पहचान संबंधी दस्तावेज, घर का पता, बच्चों के स्कूल का नाम अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। मोबाइल में टू- स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखने की भी सलाह दी गई।

‘जल्दी कमाई’ के लालच में न गंवाएं मेहनत की कमाई

कार्यक्रम में निवेश संबंधी साइबर ठगी को लेकर भी छात्राओं को सावधान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल्दी और ज्यादा कमाई के लालच में अनजान लोगों या संदिग्ध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने से बचें। ऑनलाइन लेन-देन के लिए केवल भरोसेमंद और सुरक्षित प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें। किसी अनजान कॉल, संदेश या व्यक्ति की ओर से दिए जा रहे लालच अथवा प्रलोभन में नहीं आएं।

साइबर पुलिस टीम ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो उसे घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। साथ ही साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने में जाकर भी साइबर अपराध की सूचना दी जा सकती है। कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य रामस्वरूप जाखड़, कॉलेज स्टाफ, छात्राएं तथा साइबर थाना पुलिस टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

Advertisement