पोल से डीपी उतारकर ले गए चोर , सुबह ग्रामीणों को चला वारदात का पता , बिजली विभाग ने किया मौका मुआयना
खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
बबाई थाना क्षेत्र के अशोकनगर गांव में चोरों ने विद्युत व्यवस्था को निशाना बनाते हुए रात के अंधेरे में बिजली की डीपी चोरी कर ली। डीपी चोरी होने के बाद गांव की बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई और ग्रामीणों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ा। सुबह बिजली के पोल के पास डीपी गायब मिलने पर चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। ग्रामीण विजेश कुमार ने बताया कि बीती रात अचानक गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई। ग्रामीणों को पहले लाइन में फाल्ट होने की आशंका हुई। सुबह जब ग्रामीण अशोकनगर तिबारे से पहले बिजली के पोल के पास पहुंचे तो वहां गांव में बिजली सप्लाई के लिए लगाई गई डीपी गायब मिली। डीपी चोरी होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पर बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि अज्ञात चोर रात के समय डीपी को उतारकर अपने साथ ले गए। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार विद्युत डीपी में तेल और तांबे की कॉइल होती है। चोर डीपी से तांबा व अन्य कीमती सामग्री निकालकर महंगे दामों में बेच देते हैं। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में डीपी चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की डीपी चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। डीपी चोरी होने से बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने, चोरी की डीपी बरामद करने तथा गांव की बिजली सप्लाई जल्द बहाल कराने की मांग की है।











