Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से बढ़ता है आत्मविश्वास —...

प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से बढ़ता है आत्मविश्वास — आंचल गुप्ता

खेतड़ी में गीता देवी की स्मृति में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित प्रतिभाएं और अतिथि

गीता देवी की स्मृति में सजा प्रतिभाओं का सम्मान मंच, 150 प्रतिभाओं को मिला सम्मान,शिक्षा, खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का किया आह्वान

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
खेतड़ी के भोपालगढ़ रोड स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को गीता देवी की स्मृति में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र की शिक्षा, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली करीब 150 प्रतिभाओं को प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर प्रतिभाओं के चेहरों पर खुशी नजर आई। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन कर उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आंचल गुप्ता, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक दाताराम गुर्जर एवं डीएसपी जुल्फीकार अली रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन उमराव सिंह कुमावत ने की। समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आंचल गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

आवश्यकता इस बात की है कि प्रतिभाओं को समय पर पहचान मिले, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए और अपनी क्षमता को निखारने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि सम्मान और प्रोत्साहन से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे अपने लक्ष्य की ओर और अधिक मेहनत से आगे बढ़ते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में निरंतर मेहनत कर अपनी प्रतिभा का विकास करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक दाताराम गुर्जर एवं डीएसपी जुल्फीकार अली ने भी प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज की भी है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी बेहतर करने की प्रेरणा देते है । समारोह के दौरान आयोजन समिति के राधेश्याम भारती एवं भामाशाह सोहनलाल वर्मा की ओर से क्षेत्र की करीब 150 प्रतिभाओं को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

प्रतिभाओं एवं उनके अभिभावकों ने सम्मान समारोह की सराहना करते हुए इसे युवाओं का मनोबल बढ़ाने वाला आयोजन बताया। आयोजन समिति ने कहा कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें आगे ले जाने के लिए प्रेरणा मिलती रहे।

इस मौके पर डॉ. जुल्फीकार भीमसर, मूर्तिकार मातूराम वर्मा, एडवोकेट विश्वनाथ अग्रवाल, अमरचंद शर्मा, डॉ. अक्षय कुमार शर्मा, डॉ. प्रदीप यादव, डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा, डॉ. संदीप डांगी, सुभाष चेजारा, डॉ. पारस वर्मा, सहीराम वर्मा, पूर्व चेयरमैन सीताराम शर्मा, विजेंद्र शर्मा, नरेंद्र स्वामी, आजाद अहमद, किशोरी लाल, डॉ. रामकुमार सिराधना सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Advertisement