Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं सुर-ताल और थिरकते कदमों ने बांधा समां, ‘डांसिंग स्टार्स’ में अंतिम कुमारी...

सुर-ताल और थिरकते कदमों ने बांधा समां, ‘डांसिंग स्टार्स’ में अंतिम कुमारी ने मारी बाजी

झुंझुनूं के राजस्थान पब्लिक स्कूल में डांसिंग स्टार्स सोलो डांस प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में प्रस्तुति देते विद्यार्थी

राजस्थान पब्लिक स्कूल में सोलो डांस कॉम्पीटिशन का ग्रैंड फिनाले, शालू व सपना-तनु ने भी छोड़ी छाप

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
जिला मुख्यालय स्थित राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित बाल सभा सुर, ताल, लय और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से जीवंत हो उठी। विद्यालय की साप्ताहिक सह-शैक्षिक गतिविधियों के तहत आयोजित ‘डांसिंग स्टार्स’ सोलो डांस कॉम्पीटिशन में विद्यार्थियों ने अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के रोमांचक ग्रैंड फिनाले में अंतिम कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। प्रतियोगिता के शुरूआती दौर में शानदार प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों में से चयनित डांसर्स ने फाइनल राउंड में अपनी कला का प्रदर्शन किया। जैसे-जैसे प्रतिभागी मंच पर उतरे, माहौल तालियों और उत्साह से गूंजता रहा। प्रतिभागियों के नृत्य कौशल, एक्सप्रेशन और मंच पर आत्मविश्वास ने निर्णायक मंडल के सामने भी कड़ी चुनौती पेश की।

अंतिम प्रथम, शालू द्वितीय, सपना व तनु संयुक्त रूप से द्वितीय

प्रतियोगिता के परिणामों में अंतिम कुमारी ने प्रथम स्थान, शालू ने द्वितीय स्थान, जबकि सपना एवं तनु ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नंदिनी शेखावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन तकनीकी कौशल, एक्सप्रेशन, वेशभूषा एवं मंच प्रबंधन सहित विभिन्न मानकों के आधार पर किया। विजेता एवं उपविजेताओं को मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ ने बताया कि बाल सभा में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर दिया जाता है।

‘डांसिंग स्टार्स’ का फाइनल राउंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहा

विद्यालय सचिव इंजी. पीयूष ढूकिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसी गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम के साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी से बच्चों के व्यक्तित्व का विकास होता है। विद्यालय की इंजी. ज्योति ढूकिया ने कहा कि पढ़ाई के साथ इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के मंच के डर को दूर करने के साथ ही उनके आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगे भी इसी उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, पवन कुमार, प्रमोद चौधरी, अंबिका एवं मनीष सैनी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं प्रबंधन से जुड़े सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्रा निशा एवं कोमल ने किया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

Advertisement