Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 1630 आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिन चलेगा ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान

1630 आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिन चलेगा ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान

झुंझुनूं के देरवाला में आंगन मिलन सेवा अभियान के दौरान 21 आंगनबाड़ी कर्मियों को सम्मानित करते जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग

देरवाला में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने 21 आंगनबाड़ी कर्मियों को किया सम्मानित, गोद भराई-अन्नप्राशन और प्रवेशोत्सव से सजा कार्यक्रम

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत जिले में ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान का आगाज हुआ। शुक्रवार को देरवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों और सहायिकाओं के योगदान को सम्मान दिया। इस दौरान 7 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 7 आशा सहयोगिनियों और 7 सहायिकाओं, यानी कुल 21 कर्मियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गोद भराई, अन्नप्राशन और बच्चों के प्रवेशोत्सव सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित हुईं।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले के 1630 आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिन तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों को ग्रामीण परिवारों से और अधिक जोड़ने तथा महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

‘गांव के अंतिम छोर तक पहुंच रही आंगनबाड़ी टीम’

जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा सहयोगिनी गांवों के दूर-दराज क्षेत्रों तक पहुंचकर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं बेहतर जीवन के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों का सम्मान उनके योगदान के प्रति सरकार और सिस्टम की कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में इनकी अहम भूमिका है। ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है, वहीं आमजन भी आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़कर इनके कार्यों को प्रभावी बनाने में सहयोग कर सकते हैं।

कलेक्टर ने अभियान के आगामी तीन दिनों में सम्मानित होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक बिजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों के योगदान को सम्मानित किया जा रहा है।

देरवाला में आयोजित कार्यक्रम में गोद भराई और अन्नप्राशन के साथ बच्चों का प्रवेशोत्सव भी मनाया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के लिए दी जा रही विभिन्न सेवाओं तथा जागरूकता गतिविधियों के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री की ओर से दिए गए संदेश से भी अवगत करवाया गया।

सिर्फ पोषाहार वितरण का केंद्र नहीं, बच्चों के विकास की नींव बने आंगनबाड़ी

महिला पर्यवेक्षक प्रियंका ने बताया कि अभियान के दौरान बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जा रहा है। कार्यक्रम में गोद भराई और अन्नप्राशन के लाभार्थियों के साथ प्रवेशोत्सव के बच्चों को भी शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी को केवल पोषाहार वितरण का केंद्र न रखकर बच्चों के शुरूआती मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास का केंद्र बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को अधिक से अधिक जनसमुदाय से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों की आंगनबाड़ी केंद्रों में भागीदारी बढ़ने से बच्चों के शुरूआती विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ बेहतर तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।

Advertisement