Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं न्यू राजस्थान स्कूल के पांच खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए...

न्यू राजस्थान स्कूल के पांच खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

न्यू राजस्थान पब्लिक स्कूल झुंझुनूं के राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए चयनित पांच खिलाड़ी

जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया विद्यालय का गौरव, सम्मान समारोह में खिलाड़ियों का किया अभिनंदन

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिला मुख्यालय स्थित न्यू राजस्थान पब्लिक स्कूल के पांच प्रतिभावान खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 70वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया है। खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर चयन की सूचना से विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई।

संस्था सचिव इंजी. पीयूष ढूकिया ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर झुंझुनूं जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ ने बताया कि कुश्ती में युवराज सिंह और साहिल तथा ताइक्वांडो में ध्रुव, दीपक कुमार और खुशी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक आयोजित होगी। कुश्ती प्रतियोगिता अनार देवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, विराटनगर (डीग) तथा ताइक्वांडो प्रतियोगिता देवकीनंदन गौड़ स्मृति विद्या मंदिर संस्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर में होगी।

खिलाड़ियों का सम्मान, गूंज उठी करतल ध्वनि

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें चयनित खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों एवं खेल प्रशिक्षकों (कोच) का भी सम्मान किया गया। संस्था निदेशक इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गौरव का क्षण है।

बच्चों की कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें राज्य स्तर तक पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे तथा आगे राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने का लक्ष्य हासिल करेंगे। उन्होंने विद्यालय के शारीरिक शिक्षक विजय चौधरी एवं मोहित महला के योगदान की भी सराहना की और कहा कि प्रशिक्षकों की मेहनत एवं मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर निधि सिहाग, सुधीर शर्मा , मंगलाराम जांगिड़ , सुभाष बिलखीवाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ , प्रबुद्ध नागरिक , अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने करतल ध्वनि के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता की शुभकामनाएं दीं।

न्यू राजस्थान स्कूल की छात्र छात्राओं ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर मारी बाजी

न्यू राजस्थान पब्लिक स्कूल में गणेश आकृति मानव शृंखला से बनाकर मनाई गई रचनात्मक गणेश चतुर्थी

Advertisement