मेहाड़ा में 15 और 12 साल से फरार दो वारंटी गिरफ्तार, चिड़ावा पुलिस ने चेक बाउंस मामले में 60 वर्षीय रणसिंह को पकड़ा
खेतड़ी / चिड़ावा ।झुंझुनू।अजीत जांगिड़
जिले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे रेंज स्तरीय विशेष अभियान के तहत पुलिस को सफलता मिली है। मेहाड़ा थाना पुलिस ने 15 और 12 साल से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि चिड़ावा थाना पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में फरार चल रहे 60 वर्षीय स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया। दोनों थाना पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में कुल तीन स्थायी वारंटी पुलिस की गिरफ्त में आए।
मेहाड़ा में 15 साल से फरार अनिल और 12 साल से फरार आनंद गिरफ्तार
मेहाड़ा थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार एसीजेएम खेतड़ी न्यायालय के कोर्ट केस नंबर 68028/14 में 15 साल से फरार स्थायी वारंटी अनिल तथा कोर्ट केस नंबर 905/15 में 12 साल से फरार स्थायी वारंटी आनंद को 20 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा खेतड़ी वृत्ताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरडक के सुपरविजन में की गई।
थानाधिकारी रामनारायण चोयल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों स्थायी वारंटियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल पुत्र ओमप्रकाश (37), निवासी लाखन माजरा, जिला रोहतक, हरियाणा तथा आनंद पुत्र रघुवीर सिंह (36), निवासी बुटाना खुर्द, थाना बरोदा, जिला सोनीपत, हरियाणा शामिल हैं। वहीं मेहाड़ा पुलिस टीम में थानाधिकारी रामनारायण चोयल, हेड कांस्टेबल भीमकोर और कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल अजय कुमार का कार्रवाई में विशेष योगदान रहा।
चिड़ावा में चेक बाउंस मामले का 60 वर्षीय वारंटी पकड़ा
इधर, चिड़ावा थाना पुलिस ने भी वांछित स्थायी वारंटी रणसिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय चिड़ावा से जारी स्थायी वारंट बाबूलाल बनाम रणसिंह, कोर्ट केस नंबर 603/25, मूल मुकदमा नंबर 180/18, धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस) के मामले में रणसिंह फरार चल रहा था। वारंटी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर उसकी तलाश की गई। पुलिस टीम ने तलाश के दौरान 19 सितंबर 2026 को भूरीवास से रणसिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार स्थायी वारंटी रणसिंह पुत्र जगराम (60), निवासी भूरीवास, पुलिस थाना बुहाना, जिला झुंझुनूं है।
यह कार्रवाई झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, चिड़ावा वृत्ताधिकारी गौरव गुर्जर के सुपरविजन तथा थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में की गई। चिड़ावा पुलिस टीम में थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा, हेड कांस्टेबल योगेश कुमार , आसूचना अधिकारी कांस्टेबल अमित सिहाग , कांस्टेबल दिनेश और कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे।
जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस की इन कार्रवाइयों से लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों पर शिकंजा कसता नजर आया। मेहाड़ा में डेढ़ दशक से फरार अनिल सहित दो वारंटियों की गिरफ्तारी हुई तो चिड़ावा में चेक बाउंस मामले का स्थायी वारंटी रणसिंह पुलिस के हाथ लगा। पुलिस की टीमें पुराने और लंबित वारंटों में वांछित आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही हैं।













