Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रकम हड़पने का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रकम हड़पने का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

खेतड़ी पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

खनन लीज में हिस्सेदारी दिलाने के नाम पर तैयार की गई थी पार्टनरशिप डीड, दो आरोपी 22 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर

खेतड़ी/झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रूपये हड़पने के मामले में खेतड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में संजय उर्फ संजू, ओमप्रकाश सिंह और राजेश कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी संजय उर्फ संजू को प्रोडक्शन वारंट पर जिला कारागृह झुंझुनूं से प्राप्त किया, जबकि ओमप्रकाश सिंह और राजेश कुमार को आसूचना संकलन एवं तकनीकी सहायता के आधार पर तलाश कर 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा अनुसंधान अधिकारी फूलचंद मीणा ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सैल के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

नौकरी देने के बाद खनन लीज में हिस्सेदारी का झांसा

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2022 को जितेंद्र कुमार ने खेतड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके पिता श्रीराम के पास ओमप्रकाश सिंह आया और उसने बताया कि ढाणी भूकरी, तन पपुरना, तहसील खेतड़ी में उसके नाम से खनन लीज संख्या 280/2003 और 284/2003 हैं। इनकी देखभाल एवं चौकीदारी के लिए उसने श्रीराम को 25 हजार रूपये प्रतिमाह वेतन देने की बात कही। रिपोर्ट के मुताबिक, विश्वास में आने के बाद श्रीराम ने दोनों खनन लीज पर काम करना शुरू कर दिया।

इसके बाद ओमप्रकाश सिंह अपने साथ संजय एवं संजय उर्फ बच्चिया को लेकर आया और जितेंद्र व उसके पिता से कहा कि उन्हें खनन पट्टा संख्या 284/2003 में हिस्सेदार बनाया जा सकता है। आरोप है कि इसके बाद खनन पट्टाधारी ने लीज में अलग-अलग हिस्सेदारी दर्शाते हुए डीड ऑफ पार्टनरशिप तैयार कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी और उसके पिता की सहमति के बिना कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए तथा खनन पट्टाधारी को दिए गए रुपये हड़प लिए गए। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

एक आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में, दो पुलिस रिमांड पर

पुलिस कार्रवाई के दौरान संजय उर्फ संजू पुत्र रामनिवास, निवासी बड़ा बंध, तन पपुरना, थाना खेतड़ी को प्रोडक्शन वारंट पर जिला कारागृह झुंझुनूं से प्राप्त किया गया। वहीं ओमप्रकाश सिंह पुत्र बनवारीलाल, जाति जाट, निवासी कुड़ली, थाना दादिया, जिला सीकर तथा राजेश कुमार पुत्र श्रीचंद, जाति जाट, उम्र 36 वर्ष, निवासी दादिया, थाना दादिया, जिला सीकर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी संजय उर्फ संजू को अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

वहीं ओमप्रकाश सिंह और राजेश कुमार को आगे की पूछताछ एवं अनुसंधान के लिए 22 सितंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में अनुसंधान जारी है।कार्रवाई में फूलचंद मीणा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल झुंझुनूं, बुद्धिप्रसाद पुनि., थानाधिकारी खेतड़ी, कृष्णगोपाल सउनि., त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल झुंझुनूं तथा बुद्धराम एचसी , त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल झुंझुनूं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement