भाई के नगर परिषद से ठेके होने का हवाला देकर नामांकन निरस्त करने की मांग; एसडीएम रामकरण सिंह ने आपत्ति खारिज की, कांग्रेस ने लगाए दबाव बनाने के आरोप
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगर परिषद झुंझुनूं के सभापति पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान के नामांकन पर दाखिल आपत्ति को निर्वाचन अधिकारी ने खारिज कर दिया। आपत्तिकर्ता विपुल कुमार ने अब्दुल्ला अगवान के भाई के नगर परिषद से जुड़े ठेकों में होने का हवाला देते हुए नामांकन निरस्त करने की मांग की थी। आपत्ति पर सुनवाई के बाद एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी रामकरण सिंह ने अब्दुल्ला अगवान का नामांकन वैध माना।
एसडीएम रामकरण सिंह ने गुरूवार दोपहर करीब 3:10 बजे कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्ला अगवान और भाजपा के प्रतिनिधि को अपने चैंबर में बुलाकर मामले में निर्णय सुनाया। इसके साथ ही सभापति पद के चुनाव में अब्दुल्ला अगवान की उम्मीदवारी बरकरार रही।
भाई के ठेके को बनाया था आपत्ति का आधार
आपत्तिकर्ता की ओर से तर्क दिया गया था कि कांग्रेस प्रत्याशी के भाई के नगर परिषद से जुड़े ठेके होने के कारण राजस्थान नगरपालिका अधिनियम के तहत प्रत्याशी की पात्रता पर सवाल उठता है। वहीं कांग्रेस की ओर से आपत्ति का जवाब देते हुए कहा गया कि केवल रिश्तेदारी या परिवार के किसी सदस्य का नगर परिषद से अनुबंध होना अपने आप में प्रत्याशी को अयोग्य साबित नहीं करता, बल्कि कानून में बताए गए प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष हित का परीक्षण आवश्यक है। राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 24(1)( एक्स वी ) में नगरपालिका से संबंधित किसी कार्य, आपूर्ति, अनुबंध या रोजगार में प्रत्याशी अथवा उसके परिवार के सदस्य आदि के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष शेयर या हित को अयोग्यता से जोड़ा गया है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी दिया गया हवाला
कांग्रेस की ओर से आपत्ति के जवाब में सुप्रीम कोर्ट के गुलाम यासीन खान बनाम साहेबराव यशवंतराव वालस्कर मामले का हवाला दिया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि न्यायालय ने केवल पारिवारिक संबंध के आधार पर नगरपालिका से जुड़े रोजगार में प्रत्याशी का हित मान लेने को पर्याप्त नहीं माना था। हालांकि, मौजूदा मामले में नामांकन पर अंतिम निर्णय निर्वाचन अधिकारी की ओर से उपलब्ध दस्तावेजों और आपत्ति पर सुनवाई के आधार पर लिया गया।
आपत्ति की खबर के बाद परिषद के बाहर जुटे समर्थक
अब्दुल्ला अगवान के नामांकन पर आपत्ति की सूचना सामने आने के बाद सुबह से ही उनके समर्थक नगर परिषद परिसर के बाहर जुटने लगे। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष खलील बुडाना सहित कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर मामले को लेकर भाजपा और प्रशासन पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से सत्ता के दबाव का इस्तेमाल कर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस के नेताओं ने झुंझुनूं से भाजपा विधायक राजेंद्र भांबू पर भी प्रशासन पर दबाव बनाने के आरोप लगाए। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस नेताओं की ओर से लगाए गए हैं।
बैरिकेडिंग से लेकर पुलिस जाप्ते तक, नगर परिषद के बाहर कड़ा सुरक्षा घेरा
भीड़ और नारेबाजी को देखते हुए पुलिस ने नगर परिषद के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। परिषद के 100 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग की गई और पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने लोगों को नगर परिषद परिसर से बाहर किया और स्थिति पर नजर बनाए रखी। नामांकन पर आपत्ति और उस पर हुई सुनवाई के चलते कुछ समय के लिए नगर परिषद परिसर के बाहर राजनीतिक माहौल गरमाया रहा। निर्णय आने के बाद अब सभापति पद के चुनाव की तस्वीर में कांग्रेस के अब्दुल्ला अगवान की उम्मीदवारी बरकरार है।










