बांता गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीण चिंतित, पिंजरा और ट्रैक कैमरे लगाए
पाली। प्रहलादसिंह चारण
मारवाड़ क्षेत्र के बांता गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित सेहवाज हिंगलाज माता मंदिर की पहाड़ी पर तेंदुआ दिखाई देने की सूचना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लगातार नजर आ रही हैं और मवेशियों के शिकार की घटनाएं भी सामने आई हैं।
तेंदुए की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने वन विभाग को अवगत कराया। इसके बाद रेंजर सुरेंद्र सिंह के निर्देशन में वन विभाग की टीम बांता-सेहवाज पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची। टीम ने पहाड़ी और आसपास के संभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए तेंदुए के आवागमन वाले स्थानों की जानकारी जुटाई।
पिंजरा और ट्रैक कैमरे लगाए
तेंदुए को पकड़ने के प्रयासों के तहत वन विभाग ने संभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया है। इसके अलावा तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैक कैमरे भी लगाए गए हैं। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है और तेंदुए की मौजूदगी से जुड़े संकेतों को ट्रैक किया जा रहा है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में अकेले नहीं जाने, विशेषकर शाम और रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा पशुपालकों से मवेशियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
एसडीआरएफ टीम द्वारा गुडिया नदी के बीचों-बीच 06 घण्टों से फंसे 65 वर्षीय बुजुर्ग को बचाया जीवित













