पेयजल समस्या से परेशान दो युवक टंकी पर चढ़े, महिलाओं ने मटके फोड़कर जताया विरोध; समाधान की मांग पर अड़े ग्रामीण
खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड क्षेत्र की विजयनगर ग्राम पंचायत की नाखरी की ढाणी में पेयजल समस्या को लेकर गुरूवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रहे ग्रामीणों ने पानी की टंकी के पास धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान विक्रम सैनी और रवि मरोडिया नामक दो युवक पानी की टंकी पर चढ़ गए, जबकि बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण टंकी के नीचे धरने पर बैठ गए। महिलाओं ने मटके फोड़कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब चार वर्ष पहले नाखरी की ढाणी में पानी की टंकी का निर्माण करवाया गया था, लेकिन निर्माण के बाद से ही टंकी में पानी नहीं पहुंचा। ऐसे में पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई टंकी ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन आश्वासन के अलावा अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।गुरूवार को पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीण बड़ी संख्या में पानी की टंकी के पास एकत्रित हुए। महिलाओं ने मटके फोड़कर अपना आक्रोश जताया।
इसी दौरान विक्रम सैनी और रवि मरोडिया टंकी के ऊपर चढ़ गए। दोनों युवकों ने पानी की समस्या का समाधान होने तक नीचे नहीं उतरने की बात कही। युवकों के टंकी पर चढ़ने के बाद मौके पर स्थिति गंभीर हो गई। वहीं ग्रामीण और महिलाएं टंकी के नीचे धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने बताया कि ढाणी में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाकर गुजारा करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता बढ़ने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। महिलाओं और बच्चों को भी पानी की व्यवस्था करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों से मांग की कि उच्च अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर चार साल से सूखी पड़ी पानी की टंकी में पानी की आपूर्ति शुरू करवाएं और ढाणी की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करें। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक पानी की समस्या का समाधान नहीं होगा, उनका विरोध जारी रहेगा। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई प्रदीप कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने टंकी पर चढ़े विक्रम सैनी और रवि मरोडिया से समझाइश कर नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक पेयजल समस्या का समाधान करवाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। प्रदर्शन के दौरान ओमवीर, विक्रम, बाबूलाल, निवास, जगदीश, जयराम, महेंद्र, अनिल, खेमचंद, देशराज, सरदाराराम, सुरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, सुनील और राजेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।










